विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह बोले, आंतरिक रूप से बिखराव के दौर से गुजर रहा देश

विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि देश आंतरिक रूप से बिखराव के दौर से गुजर रहा है। आज भी दुश्मन देश को नुकसान पहुंचा रहे हैं। विजय दिवस अपनी ताकत को दोबारा पहचानने और एक होने का समय है। वहीं, सीएम रावत ने कहा कि उत्तराखंड के वीरों की शौर्य गाथा सदियों तक भावी पीढ़ी को प्रेरणा देती रहे, इसके लिये राज्य सरकार एक आधुनिक और वृहद शौर्य स्थल के निर्माण पर विचार कर रही है।   

विजय दिवस पर डिफेंस कॉलोनी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में  मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत और विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने वीर सैनिकों और वीर नारियों को किया सम्मानित। निबंध प्रतियोगिता के विजेता छात्र और छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इससे पहले जनरल वीके सिंह ने गांधी पार्क शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।  

सेना जोड़े रखती है देश को

जनरल वीके सिंह ने कहा कि विजय दिवस उस विजय की याद दिलाता है जो दुनिया में सबसे बडी और एतिहासिक जीत है। राजनीतिक, राजनयिक, सामरिक, कूटनीति और देश स्तर पर हम एक हुए हैं, जो जरूरी भी है। आज भी दुश्मन देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। आंतरिक रूप से देश बिखराव के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में विजय दिवस दोबारा अपनी ताकत को पहचानने और एक होने का समय है। उन्होंने कहा कि सीमाओं की निगेहबानी के साथ ही सैनिक देश को भी जोड़े रखते हैं। सेना में कोई धर्म या जाति नहीं बल्कि समानता और एकता का भाव होता है, जो देश को जोड़े रखता है।

विजय दिवस कर्इ पीढ़ियों को देता रहेगा प्रेरणा  

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि यह दिन आने वाली कई पीढियों को प्रेरणा देता रहेगा। ये कोई सामान्य जीत नहीं थी, बल्कि इस दिन इतिहास बनाया और बदला गया। अगर आज पूर्वी पाकिस्तान होता तो देश के सामने किस तरह की सामरिक चुनौतियां होती इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों की रग-रग में देशभक्ति है। वे न सिर्फ अग्रिम पंक्ति में खड़े रहकर देश की हिफाजत कर रहे हैं बल्कि राज्य में कभी किसी अराष्ट्रवादी सोच को पनपने नहीं देते।