लोगों को रास नहीं आ रही सेक्स जैसे टॉपिक पर बनी ये फिल्म, आखिर क्या है वजह?

तेलुगू-तमिल अभिनेता संदीप किशन की हालिया रिलीज ‘नेक्स्ट एंटी’ उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी, लेकिन इससे अभिनेता बेफिक्र हैं. संदीप ने कहा, “अगर जरूरत पड़ी, तो मैं दोबारा से फिल्म करूंगा. मैंने कुणाल कोहली के साथ काम करके बहुत कुछ सीखा है. मैं उनके काम को देखकर बड़ा हुआ हूं. वह तेलुगू में उतने दक्ष नहीं हैं, लेकिन वह मेरे और तमन्ना भाटिया द्वारा निभाए गए किरदार की प्रत्येक बारीकी से वाकिफ थे.”

आखिर गलती कहां हुई? उन्होंने कहा, “मुझे यहां सही या गलत शब्द के बारे में नहीं पता, क्योंकि मुझे लगता है कि फिल्म सही बनी थी. हम फिल्म की मार्केटिंग और उसके प्रचार में कहीं न कहीं चूक गए. ‘नेक्स्ट एंटी’ तेलुगू दर्शकों के लिए बिल्कुल नई भाषा थी. इसमें मेरा किरदार और तमन्ना लव लाइफ और सेक्स पर बातें करते हैं.” संदीप ने कहा, “दर्शकों को फिल्म पसंद आनी चाहिए थी, जो कि नहीं हो पाया.

उन्होंने कहा, ”तेलुगू सिनेमा विकास कर रहा है. न केवल ‘बाहुबली’, हमारे पास ‘अर्जुन रेड्डी’, ‘द गाजी अटैक’ और ‘गुडाचारी’ जैसी सफल फिल्में हैं. इसलिए ऐसा नहीं है कि आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में दर्शक बदलाव के लिए तैयार नहीं हैं. हमने उन्हें नई सिनेमाई भाषा की ओर हमारे प्रयास की सराहना का कारण ही नहीं दिया.” संदीप इससे फिलहाल अब आगे बढ़ चुके हैं.