
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर वायुसेना के विशेष विमान से लैंड करने के बाद तीन हेलीकॉप्टर के साथ रायबरेली पहुंचे हैं। मार्डन कोच फैक्ट्री में वह संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र को 1100 करोड़ की सौगात देने के साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी ने हमसफर एक्सप्रेस के 900वें कोच को राष्ट्र को समर्पित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीधे मार्डन कोच फैक्ट्री का रुख किया। उन्होंने कोच फैक्ट्री का निरीक्षण किया। इसके बाद यहां पर दो हजार रेल डिब्बों की उत्पादन क्षमता के लिए विस्तारीकरण कार्य का शुभारंभ करने के साथ कोच फैक्ट्री के इस वित्तीय वर्ष में उत्पादित 900वें रेल डिब्बे व हमसफर रैक को राष्ट्र को समर्पित किया। उनके साथ रेल मंत्री पीयूष गोयल भी हैं।
रायबरेली में उनका पहला हेलीकॉप्टर 10.20, दूसरा 10:22 पर तथा तीसरा 10.23 पर रेल कोच के कारखाना परिसर में बने हेलीपैड पर पहुंचा। वहां पर उनकी अगवानी तथा स्वागत किया गया। उधर सभा स्थल पर जाने के लिए यहां पर जनसैलाब उमड़ा है।
पांडाल के सभी प्रवेश द्वारों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण उत्साहित कार्यकर्ताओं और सतर्क सुरक्षाकर्मियों के बीच कई बार तकरार भी हुई। सुरक्षा बलों ने काली जैकेट पहने लोगो को वापस लौटाया।