
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन ने कहा है कि पिच की घसियाली प्रकृति और गर्म मौसम को देखते हुए टॉस गंवाना अच्छा होगा। साथ ही उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत के पास स्ट्रेंथ है और पर्थ में कुछ नए खिलाड़ी हमारे सामने होंगे। 
उन्होंने कहा, ‘हां, मैं कहूंगा कि टॉस गंवाना अच्छा होगा। सच कहूं तो मैंने इसके बारे में सुबह क्यूरेटर से बात की। मुझे नहीं लगता कि पिच इतनी खराब होगी। यहां वनडे और टी-20 के लिए, दोनों विकेट सफेद गेंद के क्रिकेट के लिए सचमुच घास से भरे लग रहे थे, लेकिन इस पर काफी अच्छा खेल हुआ।
आगे उन्होंने कहा, ‘इतनी गर्मी को देखते हुए यह शायद टूटेगा और आप मैच के दौरान दरारें देख सकते हो। जो है वह तो है ही और आप सुबह जो कुछ करोगे (टॉस जीतो या गंवाओ), आपको सचमुच अच्छी शुरुआत करनी होगी।’
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट के लिए टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। पेन ने माना कि भारत तेज गेंदबाजों वाले आक्रमण के साथ उतर सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया ने अपना काम कर लिया है।