
5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव 2018 में बीजेपी को सबसे बड़ा झटका छत्तीसगढ़ में लगा है. अब तक सामने आए रुझानों में कांग्रेस 66 और बीजेपी 14 सीटों पर आगे चल रही है. छत्तीसगढ़ में बीजेपी की बिगड़ी हुई स्थिति का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि डॉ. रमन सिंह सरकार के 13 मंत्रियों में से 8 मंत्री हार की कगार पर खड़े हुए हैं.
आइए आपको बताते हैं कि डॉ.रमन सिंह सरकार के कौन से मंत्री रुझानों में हार के बेहद करीब पहुंच गए हैं.
अमर अग्रवाल: विलासपुर सीट से चुनाव लड़ रहे वाणिज्य मंत्री अमर अग्रवाल कांग्रेस के शैलेष पांडेय से करीब 3 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं.
केदार कश्यप: नारायणपुर सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे आदिम जाति मंत्री केदार कश्यप कांग्रेस के चंदन कश्यप से करीब 7 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं.
प्रेमप्रकाश पाण्डेय – भिलाई नगर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के देवेंद्र यादव ने करीब 2 हजार वोटो से बढ़त बनाई हुई है. यहां पर रमन सिंह सरकार के मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय दूसरे पायदान पर हैं.
राजेश मूणत: रायपुर पश्चिम सीट पर भी कांग्रेस ने करीब 3 हजार वोटों से बढ़त बना रखी है. यहां पर रमन सरकार में लोकनिर्माण राजेश मूणत दूसरे पायदान पर हैं.
रामसेवक पैकरा: प्रतापपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री राम सेवक पैकरा कांग्रेस के डॉ. पीएस टेकम से पीछे चल रहे हैं.
रमशीला साहू: छत्तीसगढ़ सरकार की महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण रमशीला साहू दुर्ग ग्रामीण से चुनाव लड़ रही हैं. यहां पर कांग्रेस के तामराद्वाज साहू ने बढ़त बना रखी है.
दयालदास बघेल: सहकारिता एवं संस्कृति मंत्री दयाल दास बघेल नवागढ़ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. यहां पर कांग्रेस के गुरदयाल सिंह करीब 11 वोटो से आगे चल रहे हैं.
महेश गागड़ा: बीजापुर सीट से चुनाव लड़ रहे वन एवं विधि मंत्री महेश गागड़ा कांग्रेस के विक्रम मांडवी से करीब 4069 वोटों से पीछे चल रहे हैं.