
टीम इंडिया के युवा विकेटकीपर ऋषभ पंत ने पहले टेस्ट के पांचवें व अंतिम दिन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज पैट कमिंस को खूब परेशान किया और जमकर स्लेजिंग की। टीम इंडिया ने पांचवें दिन लंच से पहले छह कंगारू बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया था। 
इसके बाद कप्तान टिम पैन और पैट कमिंस के बीच अच्छी साझेदारी होने लगी। टीम इंडिया विकेट की तलाश में थी और बल्लेबाज को परेशान करने की जिम्मा पंत ने उठाया। पंत की आवाज स्टंप माइक में कैद हुई, जिसमें वह कहते दिख रहे हैं, ‘कम ऑन पैटी, यहां बल्लेबाजी करना आसान नहीं है।’ पंत ने एक और मजेदार बात कही। उन्होंने स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को ‘एश्ले’ कहा।
जब यह वीडियो पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क के सामने आया तो दोनों के विचार एकदम अलग दिखे। गावस्कर ने आधिकारिक प्रसारणकर्ता से कहा, ‘मैं पंत के कमिंस को स्लेजिंग करने से सहमत नहीं हूं। यह अच्छा है कि आप कुछ टिप्पणी करके अपने गेंदबाज का हौसला बढ़ाए, लेकिन आपको सीधे बल्लेबाज से बात नहीं करना चाहिए। आपको विरोधी टीम के तेज गेंदबाज को तो बिलकुल भी स्लेज नहीं करना चाहिए क्योंकि अगला मैच पर्थ में है।’
बता दें कि टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट शुक्रवार से पर्थ में है। यहां की पिच तेज गेंदबाजों के लिए काफी मददगार साबित होती है। गावस्कर ने पंत को इसलिए चेतावनी दी क्योंकि पैट कमिंस पर्थ में घातक साबित हो सकते हैं और वह एडिलेड का बदला वहां ले सकते हैं।
क्लार्क को गावस्कर का यह बयान मजाकिया लगा। पंत ने बीच मैदान में जो किया, उस पर गावस्कर के बयान से क्लार्क सहमत नहीं हुए। क्लार्क ने कहा, ‘पंत की स्लेजिंग अच्छी रही। ऐसी बातचीत से बल्लेबाज थोड़ा असहज हो जाता है। ये दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे को आईपीएल की वजह से अच्छे से जानते हैं।’
गावस्कर ने फिर कहा कि पंत ने टीम में अपने आप को अच्छे से स्थापित कर लिया है क्योंकि विकेट के पीछे से उनके शब्द बदल गए हैं। लिटिल मास्टर ने कहा, ‘इंग्लैंड में जब पंत ने डेब्यू किया तो उन्हें लगातार कहते हुए सुना गया अश्विन सर या अश्विन भाई। मगर अब उन्हें कहते हुए सुना जाता है एश या एश्ले।’