
एडिलेड। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के चौथा दिन का खेल खत्म हो गया है। इस मैच में भारतीय टीम ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है, क्योंकि चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट के नुकसान पर 104 रन बना लिए हैं। इस मैच को जीतने के लिए उसे 219 रन और बनाने हैं। वहीं दूसरी तरफ टीम इंडिया को एडिलेड जीतने के लिए छह विकेट की दरकार है। पांचवें दिन आर. अश्विन पर ऑस्ट्रेलिया को समेटने का दारोमदार होगा। चौथे दिन का खेल खत्म होने पर शॉन मार्श 31 और ट्रेविस हेड 11 रन पर खेल रहे थे।
टीम इंडिया को रहना होगा सावधान
इसमें कोई शक नहीं कि टीम इंडिया ने इस टेस्ट मैच में अपना शिकंज़ा कंगारुओं पर कस लिया है, लेकिन फिर भी कोहली एंड कंपनी को थोड़ा सावधान रहना होगा। ऑस्ट्रेलिया को पांचवें दिन 219 रन की दरकार है और अगर ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों के बीच एक-दो 50-60 रन की अच्छी साझेदारी हो गई तो फिर ये मैच भारत के हाथ से निकल भी सकता है।
ऐसा न हो, इसके लिए जरुरी है कि भारतीय गेंदबाज़ ऑस्ट्रेलियाई को लगातार झटके देते रहे और भारत की जीत की उम्मीदों को और मजबूत करते रहें। पांचवें दिन भारतीय गेंदबाज़ों में जिस खिलाड़ी पर सबसे ज़्यादा दारोमदार होगा वो हैं अश्विन। पांचवें दिन की विकेट पर सभी को अश्विन से अपनी फिरकी का जादू दिखाने की उम्मीद होगी। हालांकि दूसरी पारी में जो ऑस्ट्रेलिया के चार विकेट गिरे हैं उनमें दो विकेट अश्विन पहले ही ले चुके हैं। अश्विन के अलावा बाकी के दो विकेट मोहम्मद शमी ने लिए।