
नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहले टेस्ट में भारत की दूसरी पारी 307 रन पर सिमट गई और पहली पारी की बढ़त को मिलकर टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 323 रन का लक्ष्य दिया। वैसे ये स्कोर और बढ़ सकता था अगर ऑस्ट्रेलिया के ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने 6 भारतीय बल्लेबाजों को पवेलियन ना भेजा होता। 
नाथन लियोन ने भारत के खिलाफ छठी बार एक पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं। इस लिस्ट में उन्होंने 3 दिग्गजों की बराबरी की लेकिन फिर भी श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन से पीछे रह गए, हालांकि टेस्ट सीरीज में वह उन्हें पछाड़ सकते हैं।
दरअसल लियोन से पहले इंग्लैंड के महान ऑलराउंडर इयान बॉथम, पाकिस्तान के महान कप्तान इमरान खान और वेस्टइंडीज के घातक गेंदबाज मार्शल ने 6 बार ये कारनामा किया हुआ है, वहीं मुरलीधरन इस लिस्ट में पहले स्थान पर है जिन्होंने 7 बार एक पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं।
वैसे नाथन लियोन की बात करें इस स्पिनर ने पूरे मैच में भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर के रखा, मैच की दोनों ही पारी में वह भारतीय बल्लेबाजों को परेशान करते रहे।
ऑस्ट्रेलिया के फिरकी गेंदबाज़ नाथन लियोन के सामने कोहली का बल्ला गलती करने पर मजबूर हो जाता है। एडिलेड टेस्ट की दूसरी पारी में भी कोहली की पारी का अंत लियोन ने ही किया। इसके साथ ही लियोन कोहली को टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज़्यादा बार आउट करने वाले गेंदबाज़ भी बन गए। इस मैच की दूसरी पारी तक लियोन 6 बार मौजूदा समय के दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाज विराट कोहली को आउट कर चुके हैं।