
बुलंदशहर बवाल में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या के मामले में आरोपी फौजी जितेंद्र उर्फ जीतू को शनिवार देर रात सेना ने एसटीएफ मेरठ को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस उसे घटनास्थल स्याना ले गई, जहां उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। वहीं पूछताछ के बाद फौजी जीतू को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बता दें कि मेरठ और नोएडा एसटीएफ की टीम देर रात तक फौजी से पूछताछ करने में जुटी थीं। फौजी जीतू ने पुलिस पूछताछ में किया बड़ा खुलासा, अगली स्लाइड में जानिए क्या?
वहीं बुलंदशहर में हुई हिंसा की गाज एसएसपी कृष्णबहादुर सिंह पर गिरी है। एडीजी इंटेलीजेंस की रिपोर्ट मिलने के बाद शासन ने शनिवार को कृष्ण बहादुर सिंह को हटा दिया। उनकी जगह सीतापुर के एसपी प्रभाकर चौधरी को बुलंदशहर का एसएसपी बनाया गया है। कृष्णबहादुर सिंह को फिलहाल डीजीपी दफ्तर से संबद्ध किया गया है। प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार ने बताया कि डीजीपी कार्यालय से संबद्ध एलआर कुमार को सीतापुर का एसपी बनाया है। इससे पहले बुलंदशहर में स्याना सर्किल में तैनात रहे डीएसपी सत्यप्रकाश शर्मा और चिंगरावठी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार को भी हटाने का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया था। इन दोनों पुलिसकर्मियों को भी नई तैनाती दे दी गई है।