HC का असर, पश्चिम बंगाल नहीं जाएंगे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह

रथयात्रा पर हाईकोर्ट का फैसला आने के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपना पश्चिम बंगाल का दौरा रद्द कर दिया है। अमित शाह रथयात्रा के लिए आज पश्चिम बंगाल दौरे पर जाने वाले थे पर हाईकोर्ट से रथ यात्रा की इजाजत न मिलने के बाद उन्होंने अपना दौरा रद्द कर दिया। 

बता दें कि कलकत्ता हाईकोर्ट ने बृहस्पतिवार को कूचबिहार में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की प्रस्तावित रथयात्रा को अनुमति देने से इनकार कर दिया। इससे पहले जिला प्रशासन ने भी इसकी अनुमति देने से मना कर दिया था। उसके खिलाफ भाजपा ने अदालत में याचिका दायर की थी। 

एकल पीठ के फैसले के खिलाफ भाजपा ने खंडपीठ में याचिका दायर की है इस पर शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे सुनवाई होगी। इस बीच, भाजपा ने कहा है कि अदालत रथयात्रा की अनुमति भले नहीं दे, कूचबिहार में रैली जरूर आयोजित होगी। अगर इससे कानून व व्यवस्था की समस्या पैदा होती है तो उसके लिए सरकार व प्रशासन जिम्मेदार होगा। 

इससे पहले राज्य सरकार ने अदालत में पेश अपनी रिपोर्ट में कहा था कि उक्त रथयात्रा से इलाके में सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ने का अंदेशा है। इसके खिलाफ भाजपा ने कलकत्ता हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की थी। उसके आधार पर दोनों पक्षों को सुनने के बाद न्यायमूर्ति तपोब्रत चक्रवर्ती ने रैली की अनुमति देने से इनकार कर दिया।