
बांग्लादेश के ऑफ स्पिनर मेहेदी हसन मिराज और कप्तान शाकिब अल हसन ने यहां शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शनिवार (1 दिसंबर) को मेहमान वेस्टइंडीज को बैकफुट पर धकेल दिया. बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 508 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और जबाव में दिन का खेल खत्म होने तक विंडीज के पांच विकेट महज 75 रनों पर चटका दिए हैं. 
महमूदुल्लाह रियाद के करियर की सर्वश्रेष्ठ 136 रन की पारी के दम पर बांग्लादेश ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन पहली पारी में 508 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. इसके बाद बांग्लादेश ने दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज के 75 रन पर पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया. मेहदी हसन (36 रन पर तीन विकेट) और शाकिब अल हसन (15 रन पर दो विकेट) ने आपस में पांचों विकेट साझा किए.
बांग्लादेश ने दूसरे दिन बनाया स्पेशल रिकॉर्ड
खास बात यह है कि पांचों बल्लेबाज बोल्ड हुए. टेस्ट क्रिकेट में यह सिर्फ तीसरी बार हुआ है, जब शुरुआती पांचों बल्लेबाज बोल्ड हुए हो. इससे पहले ऐसा संयोग 11 अगस्त 1890 और 2 जनवरी 1879 में बना था. इसके साथ ही बांग्लादेश के स्पिनरों ने यह कमाल पहली बार किया है, जब शुरुआती पांचों बल्लेबाजों को स्पिनरों बोल्ड किया गया हो.
महामुदुल्लाह ने खेली 136 रनों की पारी
मेजबान टीम ने दिन की शुरुआत पांच विकेट के नुकसान पर 259 रनों के साथ की. शाकिब (80) अपने निजी स्कोर में 25 रनों का और इजाफा पवेलियन लौट लिए. वहीं महामुदुल्लाह (136) ने अपना शतक पूरा किया. अंत मे लिट्टन दास (54) ने भी अर्धशतक जमा कर मेजबान टीम को मजबूत किया. महामुदुल्लाह के रूप में बांग्लादेश ने अपना आखिरी विकेट खोया. उन्होंने अपनी पारी में 242 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौके लगाए. शाकिब ने अपनी पारी में 139 गेंदें खेलीं और नौ चौके जड़े. वहीं दास ने 62 गेंदों का सामना किया जिसमें आठ पर चौके और एक पर छक्का मारा.
अपनी पहली पारी खेलने उतरी वेस्टइंडीज ने पहले ओवर में ही कप्तान कार्लोस ब्राथवेट (0) का विकेट गंवा दिया. कीरोन पावेल (4), सुनील एम्ब्रीस (7), रोस्टन चेज (0), शाई होप (10) भी 29 के कुल स्कोर तक पवेलियन लौट लिए थे. हेटमायेर और डॉवरिच ने इसके बाद विंडीज को कोई और झटका नहीं लगने दिया.
बांग्लादेश ने पहले दिन बनाए 5 विकेट पर 259 रन
केमार रोच, जोमेल वार्रिकन, देवेन्द्र बिशू और क्रेथ ब्रेथवेट को दो-दो सफलता मिली जबकि शेरमोन लुइस और रोस्टोन चेज को एक-एक विकेट मिला. इससे पहले अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे शादमान इस्लाम की 76 रन की पारी से बांग्लादेश ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे क्रिेकेट टेस्ट मैच के पहले दिन पांच विकेट पर 259 रन बनाए थे. दिन का खेल समाप्त होने के समय कप्तान शाकिब अल हसन 55 और महमुदुल्ला 31 रन बनाकर खेल रहे थे. दोनों के बीच 69 रन की अटूट साझेदारी हुई थी.
टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश के लिए शादमान और सौम्य सरकार (19) ने अच्छी शुरुआत दिलाई. दोनों के बीच 42 रन की साझेदारी को पहले घंटे के खेल के बाद रोस्टोन चेज (61 रन पर एक विकेट) ने तोड़ा. इसके बाद मोमिनुल हक और मोहम्मद मिथुन अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे. दोनों बल्लेबाजों ने 29-29 रन का योगदान दिया. केमार रोच (38 रन पर एक विकेट) ने मोमिनुल को आउट किया. देवेन्द्र बिशू (69 रन पर दो विकेट) ने मिथुन को पवेलियन भेजा.
बिशू ने शादमान को अपना दूसरा शिकार बनाया. शादमान ने पगबाधा आउट होने से पहले 199 गेंद की पारी में छह चौके लगाए. शादमान के आउट होने के बाद शाकिब ने एक छोर संभाले रखा तो वहीं मुशफिकुर रहीम (14) शेरमोन लुइस (35 रन पर एक विकेट) की गेंद पर बोल्ड हो गए.