बिहार में फिर गरमाई सियासत, उपेंद्र कुशवाहा ने CM नीतीश को बताया डूबती नैया

केंद्रीय राज्य मंत्री एवं राष्‍ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) सुप्रीमो व मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार को डूबती नाव बताया है। उन्‍होंने कहा है कि नीतीश ही राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की नैया डुबोएंगे। उनके इस बयान पर इसपर पक्ष-विपक्ष की राजनीति गरमा गई है। बिहार में फिर गरमाई सियासत, उपेंद्र कुशवाहा ने CM नीतीश को बताया डूबती नैया

कुशवाहा का नीतीश कुमार पर नया हमला
उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि जिस नाव की पतवार नीतीश कुमार के हाथ में होगी, उसका डूबना तय है। और डूबने वाली नाव की सवारी करने का मतलब आत्महत्या करना है। उन्होंने कहा कि अभी भी वक्त है, भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) का शीर्ष नेतृत्व नीतीश कुमार के आगे घुटने न टेके और पतवार अपने हाथों में ले। 

भाजपा ने घुटने टेके: कुशवाहा ने कहा कि उन्‍होंने रालोसपा की सीटें तय करने के लिए भाजपा को 30 नवंबर तक का समय दिया था,  लेकिन उसने कोई पहल नहीं की। ऐसा लगता है कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने जदयू अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने घुटने टेक दिए हैं। 
कुशवाहा ने कहा कि उन्‍होंने नीतीश कुमार के राजग में आने से पहले ही कहा था कि वे राजग की नैया डुबोएंगे। उनके राजग में आने के बाद अपेक्षा थी कि पतवार भाजपा अपने हाथों में रखेगी। लेकिन जो रवैया है, उससे लगता है कि भाजपा ने नीतीश कुमार के सामने सरेंडर कर दिया है। 

बैठक में रणनीति तय करेगी पार्टी: उन्होंने कहा कि 4-5 दिसंबर को वाल्मीकिनगर में रालोसपा का दो दिवसीय चिंतन शिविर है। इसमें सबकी राय से तय होगा कि पार्टी राजग में रहेगी या नहीं। वहां पार्टी आगे की रणनीति तय करेगी। 

कुशवाहा के बयान पर गरमा गई राजनीति
उपेंद्र कुशवाहा के इस बयान से राजनीति गरमा गई है। जदयू ने इसपर पलटवार किया है तो भाजपा ने कुछ बोलने से परहेज। उधर, राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) ने कुशवाहा को फिर महागठबंधन में आने का आमंत्रण दिया है। 

पैरवी से मुख्‍यमंत्री से नहीं बने नीतीश: जदयू प्रवक्‍ता नीरज कुमार का कहना है कि नीतीश कुमार को जनता ने पद पर बैठाया है, वे किसी की पैरवी पर मुख्‍यमंत्री नहीं बने। कुशवाहा के इस आरोप पर कि नीतीश कुमार राजग की नैया डुबोएंगे, नीरज ने कहा कि कुशवाहा भविष्‍यवक्‍ता नहीं हैं। नीतीश कुमार के पतन की बाते तो सालों से कही जा रही है, लेकिन वे लगातार मजबूत होते जा रहे हैं। 

महागठबंधन में शामिल होंगे कुशवाहा: उपेंद्र कुशवाहा की बातों का समर्थन करते हुए राजद के भाई वीरेंद्र ने कहा कि राजग व नीतीश कुमार का पतन तय है। उपेंद्र कुशवाहा भी महागठबंधन में आएंगे। उन्‍होंने कहा कि नीतीश कुमार केंद्र में भाजपा के तलवे चाट रहे हैं तो भाजपा बिहार में नीतीश कुमार के तलवे चाट रही है। 

विवाद पर संयम से काम ले रही भाजपा: कुशवाहा के बयान पर गरमाई राजनीति के बीच राजग के सबसे बड़े घटक दल भाजपा की प्रतिक्रिया संयमित है। भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष नित्‍यानंद राय ने कहा है कि उपेंद्र कुशवाहा राजग में हैं और मिलकार चुनाव लड़ेंगे। उन्‍होंने यह भी कहा कि कुशवाहा को सीट शेयरिंग व अन्‍य मुद्दों पर बातचीत के लिए अमित शाह ने समय दिया था, लेकिन उन्‍होंने ही मुलाकात नहीं की।