
श्रीलंका की टीम इस वक्त बुरे दौर से गुजर रही है. ये बुरा दौर उसके साथ मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह बरकरार है. हाल ही इंग्लैंड के खिलाफ खेली घरेलू वनडे सीरीज में उसे हार का सामना करना पड़ा. उसके बाद टेस्ट सीरीज में भी सूपड़ा साफ हो गया. लेकिन, इंग्लैंड की धरती पर अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप जीतने को लेकर उसके इरादे साफ हैं, जिसकी तैयारियों में वो कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता.
स्कॉटलैंड में वनडे सीरीज खेलेगा श्रीलंका
2019 क्रिकेट वर्ल्ड कप 30 मई से इंग्लैंड की धरती पर खेला जाना है. लेकिन उससे पहले अपनी तैयारियों को परखने के लिए टीम इंडिया के पड़ोसी श्रीलंका ने इंग्लैंड के पड़ोसी स्कॉटलैंड को चुना है. वर्ल्ड कप से पहले श्रीलंकाई टीम स्कॉटलैंड के साथ 2 वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी. इस बात की जानकारी क्रिकेट स्कॉटलैंड ने ट्वीट कर दी.
स्कॉटलैंड के कप्तान काइल कोएत्जर ने कहा, ” हम इस वनडे सीरीज को खेलने को लेकर उत्साहित हैं. 2018 में मिली सफलता के बाद हम फैंस और क्रिकेट के दबावों को झेलने और उनपर खरे उतरने को तैयार हैं. ” साफ है श्रीलंका की तैयारियों का स्कॉटिश टीम अच्छे से खबर लेगी. वैसे अब तक ये दोनों टीम 2 मौकों पर आमने सामने हुई है और दोनों ही बार जीत श्रीलंका को मिली है.
मुकाबले के वेन्यू पर फैसला नहीं
श्रीलंका और स्कॉटलैंड के बीच वनडे सीरीज के 2 मुकाबले 18 मई और 21 मई को खेले जाएंगे. हालांकि, क्रिकेट स्कॉटलैड की ओर से अभी तक दोनों मुकाबलों के वेन्यू की घोषणा नहीं की गई है.
Sri Lanka confirmed for the 2019 Summer Internationals https://t.co/zRvgizK2od pic.twitter.com/CrEqOgzPgL
— Cricket Scotland (@CricketScotland) November 26, 2018