
मैक्सिको की सीमा पर डटे मध्य अमेरिकी देश (होंडुरास, ग्वाटेमाला और अल सल्वाडोर) से आए हजारों शरणार्थियों की सेहत पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी का कोई असर नहीं पड़ा। अमेरिका की ओर जाने वाले पुल की ओर शरणार्थियों के कूच करने के बाद तनाव बढ़ गया। अमेरिकी हेलीकॉप्टरों की निगरानी के बीच शरणार्थियों का समूह तिजुआना से करीब एक किलोमीटर दूर एल चैपरल पुल की ओर बढ़ रहा है। सीमा पर बड़ी संख्या में पुलिस और सैनिक उन्हें रोकने के लिए तैनात हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने उन्हें लौट जाने को लेकर एक बार फिर धमकाया है।
स्थानीय अधिकारियों और एक मानवाधिकार कार्यकर्ता ने शरणार्थियों को मैक्सिको में रहने और आधिकारिक तरीके से अमेरिका में शरण मांगने के फायदे समझाने का प्रयास किया, लेकिन शरणार्थियों ने कुछ भी सुनने से इनकार कर दिया। तिजुआना में अधिकारियों ने कुशल कामगारों के लिए एक जॉब मेले का भी आयोजन किया और उन्हें रोकने की कोशिश की।
मैक्सिको की माइग्रेशन एजेंसी ने शरणार्थियों को अस्थायी निवास का प्रस्ताव भी दिया, लेकिन ये लोग कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हुए। विल्सन नाम के एक शरणार्थी ने कहा, ‘हम अमेरिका जाना चाहते हैं। हमें सीमा पार करने दीजिए। हम इसके लिए बेहद उत्साहित हैं। हम अपने परिवार को होंडुरास में छोड़कर आए हैं, हमें काम चाहिए।’