दिग्गज खिलाड़ी ड्रोग्बा ने फुटबॉल को कहा अलविदा

आइवरी कोस्ट और चेल्सी के दिग्गज फुटबॉलर दिदिएर ड्रोग्बा ने 20 साल के सुनहरे करियर को अलविदा कह दिया। ड्रोग्बा ने अपने पिछले 18 माह अमेरिकी क्लब फोनिक्स राइजिंग के साथ बिताए। वह इस क्लब के सह मालिक हैं।

ड्रोग्बा ने चेल्सी के लिए 381 मैचों में 164 गोल किए। चार प्रीमियर लीग खिताब, चार एफए कप और 2012 चैंपियंस लीग जीता। उन्होंने आइवरी कोस्ट के लिए सर्वाधिक 65 गोल किए। दिदिएर ड्रोग्बा ने छह अलग-अलग देशों में फुटबॉल खेला, लेकिन सबसे ज्यादा कामयाबी फ्रांस और इंग्लैंड में मिली। अपने करियर में ड्रोग्बा ने अच्छे प्रदर्शन के दम पर 2006-07 और 2009-10 सत्र में प्रीमियर लीग गोल्डन बूट भी हासिल किए हैं। ड्रोग्बा ने कहा, 20 साल बाद मैंने अपने खेल करियर का समापन करने का फैसला किया है। यह करियर के समापन का सही समय है। मैं अब युवा प्रतिभाओं के विकास में मदद करूंगा।

एटलेटिको के खिलाफ बार्सिलोना टीम में कोटिन्हो की वापसी

बार्सिलोना। एटलेटिको मैड्रिड के खिलाफ खेले जाने वाले मैच के लिए बार्सिलोना टीम में मिडफील्डर फिलिप कोटिन्हो की वापसी हुई है। जांघ में चोट के कारण दो सप्ताह के कारण बाहर रहे कोटिन्हो ने टीम के साथ प्रशिक्षण में वापसी की है। ब्राजील के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी की वापसी से शनिवार को होने वाले मैच में बार्सिलोना की जीत की उम्मीद और भी मजबूत हो गई। बार्सिलोना के लिए छह नवंबर को चैंपियंस लीग में इंटर मिलान के खिलाफ मैच में कोटिन्हो चोटिल हो गए थे। स्पेनिश लीग में बार्सिलोना 24 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। वह दूसरे स्थान पर काबिज एटलेटिको से एक अंक आगे है।