
रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए आज राज्य के 19 जिलों में मतदान चल रहा है. प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर छत्तीसगढ़ की जनता से भारी संख्या में मतदान करने की अपील की.
प्रधानमंत्री ने ट्वीट के ज़रिए मतदाताओं को अपने मताधिकार का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया. पीएम ने ट्वीट में कहा कि ‘लोग मतदान को पूरे उत्साह के साथ लोकतंत्र के महापर्व के रूप में मनाएं और बढ़-चढ़कर इसमें हिस्सा लें’.
प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘छत्तीसगढ़ में आज दूसरे और अंतिम चरण का मतदान है. सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे पूरे उत्साह के साथ भारी संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाएं.’
आम तौर पर चुनाव के दिन प्रधानमंत्री इसी तरह से जनता से मतदान करने की अपील करते रहते हैं. इससे पहले 11 नवंबर को भी इसी तरह प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर छत्तीसगढ़ में पहले चरण के चुनाव के लिए मतदाताओं से भारी संख्या में मतदान करने की अपील की थी. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा था कि छत्तीसगढ़ में मतदान का आज पहला चरण है. सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे पूरे उत्साह के साथ लोकतंत्र के महापर्व में अवश्य भाग लें और भारी संख्या में मतदान करें.
दरअसल, छत्तीसगढ़ में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसके तहत पहले चरण का मतदान 12 नवंबर को हुआ था. इसमें कुल 90 में से 18 सीटों पर मतदान हुआ था. बची हुई 72 सीटों पर दूसरे चरण के मतदान आज जारी हैं.