
ओडिशा हॉकी विश्व कप के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम कड़ी मेहनत कर रही है टीम के उप कप्तान चिंगलेनसाना सिंह कांगुजाम ने विश्व कप से पूर्व रविवार को कहा कि तैयारियां अब पूरी हो चुकी हैं और साल के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में नतीजे देने का समय आ गया है. सिंह का कहना है कि इस टूर्नामेंट के हर मैच के लिए भारतीय टीम को मजबूत होना होगा. भारतीय टीम का पहला मुकाबला 28 नवम्बर को पूल-सी में दक्षिण अफ्रीका से होगा. 
चिंगलेनसाना ने कहा, ‘‘पिछले तीन महीने हमारे लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहे, ट्रेनिंग कड़ी हो गई क्योंकि विश्व कप के लिए शीर्ष पर रहना महत्वपूर्ण है. टीम को पता है कि नतीजों के लिहाज से यह साल हमारे लिए बेहतर हो सकता था लेकिन अब समय है कि हम इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करके अतीत के प्रदर्शन की कड़वाहट को भुला दें.’’ मणिपुर में जन्में इस खिलाड़ी ने कहा, ‘‘प्रत्येक खिलाड़ी ने कड़ी मेहनत की है और अब इन सभी को अच्छे नतीजों में बदलने का समय आ गया है. मेरा मानना है कि विश्व कप जितना फिटनेस और टीम रणनीति की जंग होगा उतनी ही मानसिक मजबूती भी महत्वपूर्ण होगी.’’
200वां मैच होगा चिंगलेनसाना का
अब तब 199 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले चिंगलेनसाना दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच में 200 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने की उपलब्धि हासिल कर लेंगे. उन्होंने कहा, ‘‘हां, अगर सब कुछ सही रहा तो मैं यह महत्वपूर्ण मैच अपने दर्शकों के सामने खेलूंगा और भुवनेश्वर के बेहतरीन दर्शकों के सामने भारत के लिए 200 मैच पूरे करने से बेहतर कोई अहसास नहीं है. यह दुनिया के मेरे पसंदीदा आयोजन स्थलों में से एक है.’’
टीम के उप-कप्तान इस बात से बेहद खुश हैं कि इस टूर्नामेंट के लिए चुनी गई भारतीय टीम में शामिल हर खिलाड़ी को कलिंगा स्टेडियम में खेलने का अनुभव है, क्योंकि विश्व कप के सभी मैच इसी स्टेडियम में खेले जाएंगे. कप्तान मनप्रीत सिंह और युवा खिलाड़ियों सुमित तथा निलाकांत शर्मा के साथ मिडफील्ड में खेलने वाले चिंगलेनसाना को टूर्नामेंट में टीम से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है.
ऐसा है टूर्नामेंट का शेड्यूल
पुरूषों का हॉकी विश्व कप का 14वां संस्करण इसी साल 28 नवंबर से 16 दिसंबर तक ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है. इस टूर्नामेंट में 16 टीमें भाग ले रही हैं. इन 16 टीमों को चार पूल में बांटा गया है. भारत को इस बार पूल सी में रखा गया है. इस में भारत के साथ बेल्जियम, कनाडा, और दक्षिण अफ्रीका की टीमें हैं. इसमें भारत को मुकाबला 28 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से दो दिसंबर को बेल्जियम और 8 दिसंबर को कनाडा से होगा.
इस प्रतियोगिता में 10 और 11 दिसंबर को क्रॉसओवर के मुकाबले होंगे, जिसमें हर ग्रुप की दूसरे नंबर की टीम किसी अन्य ग्रुप के तीसरे नंबर की टीम से भिड़ेगी. इसके बाद 12 और 13 दिसंबर को क्वार्टरफाइनल और इसके बाद 15 के सेमीफानल फिर अंत में 16 दिसंबर को फाइनल होगा.
भारतीय टीम :-
गोलकीपर : पी.आर. श्रीजेश, कृष्ण बहादुर पाठक
डिफेंडर : हरमनप्रीत सिंह, बीरेंद्र लाकड़ा, वरुण कुमार, कोथाजीत सिंह, सुरेंद्र कुमार, अमित रोहिदास
मिडफील्डर : मनप्रीत सिंह (कप्तान), चिंग्लेसाना सिंह (उप-कप्तान), नीलकंठ शर्मा, हार्दिक सिंह, सुमित
फारवर्ड : आकाशदीप सिंह, मंदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, ललित उपाध्याय, सिमरनजीत सिंह