मुंबई-सनराइजर्स में हुई ‘भिड़ंत’, धोनी ने कराई दोनों की बोलती बंद

मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद मैदान पर एक-दूसरे के जबर्दस्त प्रतिद्वंद्वी हैं. ये दोनों आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) की लोकप्रिय टीमें हैं. नए सीजन की शुरुआत से पहले मुंबई और सनराइजर्स में ट्विटर पर ‘भिड़ंत’ हो गई, जिसका प्रशंसकों ने बहुत मजा लिया. आखिरकार चेन्नई सुपरकिंग्स दोनों की बोलती बंद करने में कामयाब रहे.

दरअसल, पोलार्ड वेस्टइंडीज की टी-20 टीम का हिस्सा थे. सीरीज खत्म होने के बाद स्वदेश लौटने से पहले पोलार्ड ने पंड्या ब्रदर्स से मुलाकात की. हार्दिक पंड्या ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस के अपने साथी खिलाड़ी एक फोटो शेयर की. इस तस्वीर में हार्दिक के अलावा पोलार्ड और क्रुणाल भी हैं.

हार्दिक पंड्या ने लिखा, ‘मुझे बड़े पॉली (पोलार्ड) को फ्रेम में लेने के लिए अपने फोन को काफी ऊपर की तरफ करना पड़ा’ उन्होंने क्रुणाल के बारे में लिखा- आपको देखकर खुशी हुई मेरे भाई. इस पर मुंबई इंडियंस टीम ने कमेंट किया- इससे बेहतर ऑलराउंडर तिकड़ी ढूंढ़ें, हम इंतजार कर रहे हैं.

आईपीएल की दूसरी टीम सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस और हार्दिक पंड्या को जवाब देते हुए अफगानिस्तान के राशिद खान, मोहम्मद नबी और बांग्लादेश के शाकिब अल हसन की तस्वीर शेयर की. हैदराबाद ने फोटो शेयर करते हुए लिखा. ‘इंतजार खत्म’.

ये ‘मुकाबला’ यहीं नहीं रुका. मुंबई इंडियंस ने एक फोटो शेयर की और सनराइजर्स को कड़ा जवाब दिया. मुंबई ने अपनी तीनों आईपीएल ट्रॉफी वाली तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- इंतजार जारी रहेगा…’