
झंगहा पुलिस ने टमठा गांव में छापेमारी कर तमंचा बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ी। कारीगर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर सात तमंचे, तीन जिंदा कारतूस और तमंचा बनाने का औजार बरामद किया। पूछताछ में आरोपित ने लंबे समय से तमंचा बनाकर बेचने की बात कबूल की।
एसपी उत्तरी रोहित सिंह सजवान ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर एसओ झंगहा ने बरही और गौबड़ौर चौकी प्रभारी के साथ सुबह 10 बजे के करीब टमठा गांव में पहुंचे। जयप्रकाश विश्वकर्मा के घर की तलाशी लेने पर 315 बोर के सात तमंचे और तीन जिंदा कारतूस मिले।

इसके अलावा मौके से तमंचा बनाने का औजार मिला। पूछताछ में जयप्रकाश ने बताया कि वह लंबे समय से तमंचा बनाने का काम कर रहा था। आर्डर मिलने पर ही वह तमंचा बनाता था। एक तमंचा 3500 से पांच हजार रुपये के बीच बिकता है।
बड़हलगंज पुलिस ने बेटे को भेजा था जेल
जयप्रकाश का बेटा अजय भी अवैध तमंचा बनाता है। एक साल पहले बड़हलगंज पुलिस ने आठ तमंचे के साथ अजय को गिरफ्तार किया था। सरयू नदी के बांध पर झोपड़ी डालकर उसी में तमंचा बनाता था। अजय इस समय जमानत पर जेल से बाहर है।