एक होटल कारोबारी ने कर्मचारियों को दी दीपावली गिफ्ट में कार और बाइक

 सूरत के हीरा व्यवसायी सावजी ढोलकिया की तर्ज पर जमशेदपुर के होटल व्यवसायी नीरज सिंह ने अपने कर्मचारियों को दीपावली गिफ्ट के रूप में कार व बाइक भेंट की। साकची स्थित होटल दयाल इंटरनेशनल की आठवीं वर्षगांठ पर दयाल ग्रुप के प्रबंध निदेशक नीरज सिंह ने समारोह का आयोजन किया, जिसमें होटल के वाइस प्रेसिडेंट (आपरेशंस) सोनी जोसेफ व जेनरल मैनेजर राजेश सिंह को हुंडई इयोन कार दी। वहीं किशोर चंद्रा (मैनेजर एकाउंट्स), शुभंकर धन्ना (कुक) व प्रदीप साहू (कैप्टन) को बाइक भेंट की। सिंह ने 15 अन्य कर्मचारियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए तोहफे दिए। 

टाटा से सीखा कर्मचारियों को खुश रखना

इसके बाद नीरज सिंह ने कहा कि इन कर्मचारियों की मेहनत व लगन के सामने इन तोहफों की कोई कीमत नहीं है। आखिर इन्हीं की बदौलत यह ग्रुप इतना आगे बढ़ा है। टाटा के शहर में रहकर टाटा से यह तो सीखा ही है कि कर्मचारियों को कैसे खुश रखा जाता है। टाटा समूह अपने कर्मचारियों को बढिय़ा वेतन के साथ इतनी सुविधाएं देती हैं कि कर्मचारी का कंपनी के साथ भावनात्मक रिश्ता बन जाता है। वह चाहते हैं कि इससे उनके अन्य कर्मचारी भी शत प्रतिशत प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होंगे।

कोलकाता और जाजपुर के कर्मियों को भी मिलेगा तोहफा

जमशेदपुर के बाद वे कोलकाता और जाजपुर (ओडिशा) स्थित होटल के कर्मचारियों को भी ऐसे तोहफे देने जाएंगे। फिलहाल उनके देश में आठ होटल-रेस्टोरेंट चल रहे हैं, जिसमें बेंगलुरू का रेस्टोरेंट ‘अर्बन तमाशा’ हाल ही में खुला है। वे वहां एक और रेस्टोरेंट खोलने जा रहे हैं। इस मौके पर दयाल ग्रुप के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सौमित्र राय, शहर के कारोबारी नंदू पटेल, जवाहर विग, अरविंद आहूजा आदि भी उपस्थित थे।

रांची में बना रहे 180 करोड़ का होटल

दयाल ग्रुप रांची में होटल दयाल पैलेस खोलने जा रहा है, जिसकी लागत करीब 180 करोड़ रुपये होगी। नीरज सिंह ने बताया कि यह उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है। इस तरह का होटल झारखंड, बिहार, प. बंगाल व ओडिशा में नहीं है। इसमें 200 कमरे, पांच रेस्टोरेंट, एक पब व बार के अलावा नाइट क्लब के साथ हेलीपैड भी होगा। सबसे बड़ी बात यह है कि यह होटल रांची शहर के अंदर 84,000 वर्गफुट में होगा।