
आइसीसी महिला टी-20 विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 34 रनों से शिकस्त दी। भारत की इस जीत में कप्तान हरमनप्रीत कौर (103) के तूफानी शतक और जेमिमा रोडिग्ज (59) के बेहतरीन अर्धशतक ने अहम भूमिका निभाई। 
कप्तान हरमनप्रीत ने पहले 50 रन 33 गेंदों में और अगले 50 रन मात्र 16 गेंदों में ही पूरे कर लिए। उन्होंने 51 गेंदों में अपनी इस तूफानी पारी के दौरान सात चौके लगाए। हरमनप्रीत का यह पहला टी-20 शतक है। वह भारत की ओर से टी-20 में शतक लगाने वाली पहली महिला भी बनी। उनसे पहले मिताली राज नाबाद 97 रन तक पहुंची थी।
ऐसी रही हरमनप्रीत की पारी
हरमनप्रीत ने तोड़ा सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड (भारत)
हरमनप्रीत ने अपनी पारी में आठ छक्के लगाए और वह इसी के साथ एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली भारत की पहली महिला क्रिकेटर बनीं। उन्होंने अपने ही पांच छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ा जो उन्होंने इस साल सितंबर में श्रीलंका के खिलाफ बनाया था।
टी-20 में शतक लगाने वाली नौवीं महिला क्रिकेटर
हरमनप्रीत कौर महिला टी-20 क्रिकेट में शतक लगाने वाली भारत की पहली और दुनिया की नौवीं क्रिकेटर बन गई हैं।

टी-20 में शतक जड़ने वाली तीसरी कप्तान
29 वर्षीय हरमन तीसरी कप्तान बनीं जिन्होंने कप्तान के तौर पर टी-20 में शतक लगाया। साथ ही टी-20 विश्व कप में शतक लगाने वाली तीसरी खिलाड़ी भी बन गई।
भारत ने बनाया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर
194 रन का स्कोर महिला टी-20 विश्वकप में किसी भी टीम द्वारा बनाया यह अब तक का सर्वोच्च स्कोर है।भारतीय महिला टीम का टी-20 में ये दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। भारत का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 198 पर चार है, जो उन्होंने इसी वर्ष मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था।
टी-20 विश्व कप में पहली बार हुआ ऐसा
हरमनप्रीत कौर भारत की तरफ से महिला टी-20 विश्व कप में मैन ऑफ द मैच का खिताब जीतने वाली पहली महिला भारतीय कप्तान हैं।
हरमन ने धौनी को भी छोड़ा पीछे
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने न्यूज़ीलैंड को पहली बार टी-20 क्रिकेट में मात दी। ऐसा पहली बार हुआ है जब भारतीय महिला या पुरुष टीम ने न्यूज़ीलैंड को टी-20 विश्व कप में मात दी हो। धौनी की कप्तानी में टीम इंडिया कभी भी न्यूज़ीलैंड की टीम को टी-20 में मात नहीं दे सकी थी और अब हरमन की कप्तानी में भारत ने ये जीत दर्ज़ करते ही धौनी को पीछे छोड़ दिया है।
भले ही कोहली ने भारत के लिए अभी तक टी-20 विश्व कप में कप्तानी न की हो, लेकिन उन्होंने कीवी टीम के खिलाफ जीत का अपना खाता खोल लिया है। कोहली की कप्तानी में न्यूज़ीलैंड से जीती सीरीज़ पिछले साल न्यूज़ीलैंड के खिलाफ खेली गई द्विपक्षीय सीरीज़ के पहले मैच में भारत ने न्यूज़ीलैंड को 53 रन से हराकर पहली जीत दर्ज़ की थी। कोहली की कप्तानी में भारत ने इस सीरीज़ को 2-0 से अपने नाम किया था।