प्रतिबंधित मांस जब्त करने गई पुलिस पर उपद्रवियों ने किया पथराव

झारखंड के रामगढ़ में रविवार को उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थरबाज़ी की, पुलिस इलाके में प्रतिबंधित मांस जब्त करने गई थी. इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस वाहनों के शीशे भी तोड़े और थाना प्रभारी के साथ भी हाथापाई की. बताया जा रहा है कि रजरप्पा थाना क्षेत्र के बड़कीपोना रेलवे स्टेशन के समीप आजसू नेता रफीक अनवर के घर के सामने रविवार की सुबह पुलिस ने छापेमारी की थी, जिसमे अवैध तरीके से चल रहे पशु वधशाला का पर्दाफाश हुआ था. 

झारखण्ड पुलिस ने इस मामले में कार्यवाही करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस बरामद करने में सफलता हासिल की है, पुलिस ने प्रतिबंधित मांस का कारोबार करने के मामलें में दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया है, साथ ही पुलिस ने एक दर्जन से अधिक पशुओं को भी बरामद किया है.

एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस फ़ोर्स ने भोर में 3-4 बजे से ही इलाके में छापेमारी शुरू कर दी थी.  छापेमारी में समीम के घर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस बरामद किया गया. इस मौके पर एसडीपीओ राधा प्रेमकिशोर, रामगढ़ थाना प्रभारी लालेश्वर महतो, रजरप्पा थाना प्रभारी कमलेश पासवान, कुजू ओपी प्रभारी अर्जुन उरांव उपस्थित थे, इनके साथ भरी मात्रा में पुलिस बल भी मौजूद था.