
उत्तर प्रदेश में महिला अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. यूपी के जौनपुर जिले की शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के जिला महिला अस्पताल में अपने बच्चे के साथ दिखाने आई एक महिला ने डाक्टर पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया. इस पर अस्पताल परिसर में बवाल हो गया. पुलिस ने डाक्टर को हिरासत में ले लिया. वहीं महिला की शिकायत पर देर शाम तक मुकदमा भी दर्ज करने लिया गया है.
पुलिस के अनुसार, जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला अपने दुधमुंहे बच्चे को लेकर पति के साथ दिखाने जिला अस्पताल आई. वह पर्चा कटवाने के बाद डाक्टर के कक्ष में पहुंचकर अपने मर्ज के बारे में बताने लगी. डॉक्टर ने उसे पीछे की बेड पर लेटने को कहा. पीड़िता का आरोप है कि डॉक्टर पर्दा खींचकर जांच करने के बहाने अश्लील हरकत करने लगा. महिला ने इसकी शिकायत बाहर बैठे अपने पति से की तो वहां शोर-शराबा शुरू हो गया.
जिला महिला अस्पताल में हंगामा
जिला महिला अस्पताल में हंगामा होने की सूचना मिलने पर शहर कोतवाल विनय प्रकाश सिंह अपनी टीम के साथ पहुंच गए. उन्होंने डाक्टर के खिलाफ महिला की तहरीर ले ली. वहीं सिटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र नाथ मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल एवं पूछताछ की. इसके बाद कोतवाली पुलिस ने डॉक्टर को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने महिला का बयान लेकर मेडिकल टेस्ट भी करवाया. इस बाबत पूछे जाने पर डाक्टर ने बताया कि उन्होंने ऐसी कोई हरकत नहीं की है. वह सिर्फ महिला का चिकित्सीय परीक्षण कर रहे थे. (इनपुट एजेंसी)