
नई दिल्ली. भारत के खिलाफ आखिरी वनडे में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. इरादा था स्कोर बोर्ड पर ज्यादा से ज्यादा रन ठोकने का. लेकिन भारत के स्ट्राइक गेंदबाजों ने ऐसा हमला बोला कि उनके बेहतर शुरुआत के इरादों पर पानी फिर गया. भुवी और बुमराह ने अपने-अपने पहले ही ओवर में विकेट लेकर विंडीज टीम को बैकफुट पर धकेल दिया.
भुवी-बुमराह ने खराब की शुरुआत
मैच का पहला ओवर भुवनेश्वर कुमार ने फेंका और इस ओवर की चौथी ही गेंद पर उन्होंने ओपनर कायरन पावेल को वापस पवेलियन भेज दिया. अपने लिस्ट ए करियर में पहली बार ओपनिंग पर उतरे कायरन पावेल बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए.
बुमराह ने इनफॉर्म होप को किया आउट
भुवी के बाद बारी बुमराह की आई. बुमराह ने नए-नए क्रीज पर आए वेस्टइंडीज के इनफॉर्म बल्लेबाज शाई होप को अपना शिकार बनाया. सीरीज में 2 शतक जड़ने वाले होप को बुमराह ने इस मैच में शून्य पर पवेलियन की राह पकड़ा दी.
विंडीज के नाम जुड़ा ये रिकॉर्ड
वर्ल्ड कप 2015 के बाद वेस्टइंडीज के साथ ऐसा तीसरी बार हुआ था जब उसके टॉप थ्री में से 2 बल्लेबाज डक पर पवेलियन लौटे थे. वर्ल्ड कप 2015 के बाद दूसरी किसी टीम के साथ ऐसा नहीं हुआ है कि उसके टॉप 3 में से 2 बल्लेबाज वनडे क्रिकेट में 3 बार शून्य पर आउट होकर पवेलियन लौटे हों.