
भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का 5वां मैच आज तिरुवनंतपुरम में है. ग्रीन फील्ड स्टेडियम पर खेला जाने वाला ये पहला अंतर्राष्ट्रीय वनडे होगा. इससे पहले इंटरनेशनल मैच के नाम पर यहां सिर्फ एक T20 मुकाबले भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुआ था. बहरहाल, मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम है. इस मुकाबले में जीत जहां टीम इंडिया के सीरीज जीतने का फासले को बढ़ा 2-1 से 3-1 में तब्दील कर देगी वहीं अगर मैच कैरेबियाई टीम के पाले में गया तो सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म होगी. एक और बात भारत अगर इस सीरीज को जीतता है तो ये उसकी लगातार 8वीं बाइलेट्रल वनडे सीरीज जीत होगी.
तिरुवनंतपुरम की पिच को बल्लेबाजों के माकूल माना जा रहा है. मतलब ये कि इस पर रनों का विशाल भंडार है. दोनों टीमों में विस्फोटक बल्लेबाजों की भरमार है. ऐसे में मुकाबला पैसा वसूल होने की पूरी गारंटी है.
विंडीज ने खेल के इस प्रारुप में भारत को पटखनी देने का पूरा माद्दा है और इस बात को उसने साबित किया है इसलिए वह पांचवें मैच में आत्मविश्वास के साथ ही उतरेगी. वेस्टइंडीज अगर भारत को इस मैच में हरा देती है तो वह अक्टूबर-2016 से भारत को घर में वनडे सीरीज में दो हार सौंपने वाली पहली टीम बन जाएगी. वैसे भारत को हराना आसान नहीं होगा क्योंकि अभी तक सभी मैचों में उसकी बल्लेबाजी शानदार रही है.
रोहित ने पिछले मैच में बेहतरीन शतकीय पारी खेली थी तो वहीं अंबाती रायडू ने चौथे नंबर पर टीम को संभाला था और अपने वनडे करियर का तीसरा शतक भी जमाया था. इन दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई दोहरी शतकीय साझेदारी के दम पर ही टीम ने विशाल स्कोर खड़ा किया था जिसके सामने विंडीज ताश के पत्तों की तरह ढह गई थी. कोहली पहले तीन मैचों में शतक ठोक चुके हैं. इस समय उनका बल्ला शानदार चल रहा है और इसलिए विंडीज के लिए वह सबसे बड़ा खतरा हैं. धोनी का बल्ला शांत है लेकिन इस मैच में उनके सामने भारत के लिए 10000 रन पूरे करने का मौका होगा, जिससे वो 1 रन दूर हैं.
टीमें :
भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप-कप्तान), शिखर धवन, अंबाती रायडू, ऋषभ पंत, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, खलील अहमद, उमेश यादव, लोकेश राहुल और मनीष पांडे
वेस्टइंडीज : जेसन होल्डर (कप्तान), फाबियान एलेन, सुनील ऐंब्रिस, देवेंद्र बिशू, चंद्रपाल हेमराज, शिमरोन हेटमायेर, शाई होप (विकेटकीपर), अल्जारी जोसेफ, इविन लुइस, एश्ले नर्स, कीमो पॉल, रोवमैन पोवेल, केमर रोच, मार्लन सैमुएल्स, ओशाने थॉमस।