मुलायम की छोटी बहू अपर्णा ने कहा- मैं राम के साथ हूं, चाहती हूं अयोध्या में बने ‘राम मंदिर’

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने यहां बाराबंकी के देवा शरीफ में मीडिया से बातचीत में कहा कि वो  ‘राम के साथ’ हैं और चाहती हैं कि अयोध्या में राम मंदिर बने. वहीँ सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई मामले पर उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय का निर्णय आया है कि सुनवाई जनवरी में होगी तो हमें इंतजार करना चाहिए. उन्होंने कहा, मुझे सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा है. मैं चाहती हूं कि अयोध्या में राम मन्दिर बने.

मैं तो मन्दिर के पक्ष में हूं

पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि ‘क्या मस्जिद नहीं बनना चाहिए ? अपर्णा ने कहा, ‘मैं तो मन्दिर के पक्ष में हूं क्योंकि रामायण में भी राम जन्मभूमि का उल्लेख आता है.’ जब पूछा गया कि क्या आप भाजपा के साथ हैं ? तो इस सियासी सवाल पर बेहद सावधानी से कन्नी काटते हुए अपर्णा ने कहा, ‘मैं तो राम के साथ हूं.’ बातचीत के दौरान अपर्णा ने स्वीकार किया कि चाचा शिवपाल यादव के अलग होने से 2019 के लोकसभा चुनाव में असर पड़ेगा और अगर उन्हें चुनाव लड़ने का मौका मिला तो वह सपा मुखिया अखिलेश यादव या शिवपाल में से वह अपने चाचा शिवपाल और मुलायम सिंह यादव को चुनेंगी.

पारिवारिक खींचतान का पड़ेगा असर !

अपर्णा बाराबंकी के देवा शरीफ में बुधवार रात एक निजी कार्यक्रम में आई थीं. उन्होंने कहा कि पारिवारिक खींचतान के चलते 2017 का चुनाव प्रभावित हुआ था और 2019 के चुनाव में भी इसका असर जरूर पड़ेगा क्योंकि पार्टी को मजबूत करने में शिवपाल यादव का योगदान कम नहीं है. अपर्णा ने कहा कि चाचा शिवपाल यादव ने भी पार्टी को मजबूत करने के लिए काफी मेहनत की है.