50 फुट नीचे खाई में गिरी कार, हादसे के 6 दिन बाद जीवित मिली महिला

अमेरिका की एक महिला की कार एरिजोना में एक राजमार्ग से नीचे गिरकर एक पेड़ पर अटक गई. महिला छह दिन बाद बचाव दल को जीवित मिली.

एरिजोना के लोक सुरक्षा विभाग ने बताया कि 12 अक्टूबर को 53 वर्षीय महिला राष्ट्रीय राजमार्ग 60 के निकट विकेनबर्ग से गुजर रही थी. गाड़ी से उसका नियंत्रण खो गया, जिसके बाद गाड़ी नीचे जा गिरी.

राज्य की पुलिस ने बताया कि महिला की गाड़ी राजमार्ग की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फुट नीचे गिरकर एक पेड़ पर अटक गई. इस दुर्घटना का कोई चश्मदीद नहीं था और महिला को खोजने में प्रशासन को छह दिन का समय लग गया .

पुलिस ने बताया कि 18 अक्टूबर को एरिजोना राजमार्ग प्रबंधक दल ने राजमार्ग की रेलिंग टूटी हुई और गाड़ी को नीचे पेड़ पर अटकी देखा.

इसके बाद प्रबंधक दल और पुलिस कार तक तो पहुंचे लेकिन कार में उन्हें कोई नहीं मिला. फिर उन्होंने वह रास्ता खोजा, जहां से महिला नीचे उतरी थी.

बयान में बताया गया है कि 457 मीटर लंबे रास्ते पर चलते हुए बचावकर्मियों को महिला मिली जिसे गंभीर चोटें आई थीं.

महिला ने पुलिस को बताया कि हादसे के बाद वह कई दिनों तक अपनी गाड़ी में रही और उसके बाद किसी तरह बाहर आ कर इस उम्मीद में रेल रोड ट्रैक की ओर जाने लगी कि कोई न कोई उसे खोज निकालेगा, लेकिन वह इतनी कमजोर हो गई थी कि वह रेल ट्रैक तक नहीं पहुंच पाई. महिला को हेलीकॉप्टर की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया.