जिला जज के चेंबर में घुसने से रोका तो वकीलों ने दारोगा को पीटा, एसपी का छीना मोबाइल

उत्‍तर प्रदेश के सीतापुर जिले में कचहरी में पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में वकीलों ने उनके जनसम्पर्क अधिकारी और एक दारोगा से मारपीट की. एसपी ने बताया कि नामजद आरोपी वकीलों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. साथ ही उन पर रासुका तामील करने के लिए संस्तुति की गई है. पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तैयार करके हाईकोर्ट को भेजी जाएगी.

सीतापुर के पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने बताया कि पुलिस ने सिविल लाइंस इलाके में अतिक्रमणरोधी अभियान के दौरान एक रेस्टोरेंट पर कार्रवाई करते हुए वहां शराब पी रहे दो वकीलों राम प्रकाश सिंह और ओम प्रकाश गुप्ता को गिरफ्तार किया था. उन्होंने बताया कि जब उनके साथी वकीलों को यह बात पता लगी तो उन्होंने कलेक्ट्रेट में हंगामा शुरू कर दिया. चौधरी ने बताया कि इसी बीच, वह एक बैठक के सिलसिले में कचहरी पहुंचे तो वकीलों ने उन्हें घेरने की कोशिश की. इस पर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिस पर वकील हाथापाई पर उतारू हो गये और उन्होंने उनके जनसम्पर्क अधिकारी प्रदीप पाण्डेय और उपनिरीक्षक विनोद तिवारी के साथ मारपीट और गालीगलौज की. परिसर में ही कुछ वकीलों ने एसपी के साथ अभद्रता की और उनसे मोबाइल छीनने का प्रयास किया.

अवैध गतिविधियों का अड्डा था ढहाया गया रेस्‍टोरेंट

उन्होंने बताया कि जिस रेस्टोरेंट को ढहाया गया उस पर कुछ वकीलों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था. इस मामले में जिन दो वकीलों को गिरफ्तार किया गया था, वे वहां पर अवैध गतिविधियों का अड्डा चलाते थे. पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें भी बरामद की हैं. चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मामले में कार्यवाही शुरू की है.