मरवाही से चुनाव लड़ेंगे अजीत जोगी, अमित का कटा पत्ता

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने बुधवार को अपने तीन प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की। इसमें अजीत जोगी का नाम भी शामिल है। अजीत इस बार मरवाही से चुनाव लड़ेंगे। जबकि मरवाही से वर्तमान विधायक अमित जोगी इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे। पार्टी कोर कमेटी ने यह फैसला लिया है।

पहले चर्चा थी कि अमित जोगी मनेंन्द्रगढ़ से चुनाव लड़ेंगे, लेकिन पार्टी ने लखन श्रीवास्तव को अपना मनेन्द्रगढ़ से प्रत्याशी घोषित कर दिया है। बसपा और जकांछ के गठबंधन के बाद अजीत जोगी ने राजनांदगांव से चुनाव लड़ने की बात कही थी। बाद में जोगी ने चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया और अब वे मरवाही से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। रायपुर उत्तर सीट पर भी जकांछ ने अमर गिडवानी को अपना उम्मीदवार बनाया है।