
भारतीय टीम गुरुवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवां और आखिरी वनडे मैच जीतकर एक और घरेलू सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी. पिछली बार जनवरी 1988 में तिरुवनंतपुरम के यूनिवर्सिटी स्टेडियम में वनडे मुकाबला खेला गया था, जिसमें इंडीज की टीम ने 9 विकेट से बाजी मारी थी. उस समय वेस्टइंडीज की टीम काफी मजबूत मानी जाती थी.
मौजूदा सीरीज का यह मुकबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. जो इस स्टेडियम में खेला जाने वाला पहला वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच होगा. भारत ने पिछली बार घरेलू वनडे सीरीज 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गंवाई थी और तब से स्वदेश में उसका अजेय अभियान जारी है. भारत अभी पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है, जिसका एक मैच टाई भी रहा.
टीम इंडिया को हालांकि सीरीज के दौरान वेस्टइंडीज की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा है, जिसमें पुणे में तीसरे वनडे में हार भी शामिल है. भारत दौरे पर यह वेस्टइंडीज की पहली जीत थी. गुरुवार को मैच के दौरान हालांकि बारिश की भविष्यवाणी की गई है.
विराट कोहली की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने पुणे में हार के बाद वापसी करते हुए मुंबई में चौथे वनडे में विरोधी टीम को 224 रनों से रौंद दिया था और टीम को उम्मीद होगी कि पांचवें वनडे में भी वे इस लय में बरकार रखेंगे.
तिरुवनंतपुरम में पिछला वनडे भी भारत और वेस्टइंडीज के बीच ही खेला गया था और तब वेस्टइंडीज ने आसान जीत दर्ज की थी. जेसन होल्डर की टीम उस समय की दिग्गज टीम से प्रेरणा लेकर सीरीज बराबर करना चाहेगी.
इंग्लैंड में अगले साल जून में होने वाले विश्व कप को देखते हुए दोनों टीमें इस सीरीज के जरिए अपना संयोजन तय करने की कोशिश में हैं. कोहली और रोहित शर्मा बेहतरीन फॉर्म में हैं और सीरीज में क्रमश: तीन और दो शतक जड़ चुके हैं.