
इंडोनेशिया की किफायती एयरलाइंस माने जाने वाली लायन एयर पर अमेरिका और यूरोप में कई सालों तक प्रतिबंध लगाया जा चुका है। 2007 में यूरोपियन यूनियन ने सुरक्षा उपायों की अनदेखी करने पर लायन एयर के यूरोप में संचालन पर रोक लगा दी थी। नौ साल बाद 2016 में इस प्रतिबंध को हटाया गया था। वहीं अमेरिका ने भी करीब एक दशक के प्रतिबंध के बाद लायन एयर को विमान संचालन की अनुमति दी थी।
यह पहला मौका नहीं है जब लायन एयर का कोई विमान दुर्घटना का शिकार हुआ है। 2004 में कंपनी का विमान भारी बारिश के कारण सोलो शहर में क्रैश हो गया था। इस हादसे में 25 लोग मारे गए थे। 2013 में बाली में रनवे से फिसलकर लायन एयर का विमान समुद्र में गिर गया थी। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की भी जान नहीं गई। हालांकि कुछ लोगों को चोट जरूर आई थी।
पिछले साल ही सुमात्रा के एयरपोर्ट पर इसका विमान लैंड करते हुए एक अन्य विमान से टकरा गया था। इस बीच, सोमवार को विमान हादसे के बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपने अधिकारियों और कांट्रेक्टरों को लायन एयर या उससे जुड़ी एयरलाइन से यात्रा नहीं करने की सलाह दी है।