
वेस्टइंडीज के खिलाफ सोमवार को मुंबई के ब्रेबॉर्न स्टेडियम में खेले गए चौथे वन-डे में टीम इंडिया ने 224 रन के विशाल अंतर से शानदार जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 377 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की पूरी टीम 153 रन पर ऑलआउट हो गई। आइए जानते टीम इंडिया की तीसरी सबसे बड़ी जीत के पांच कारणः
‘हिटमैन’ रोहित शर्मा ने 137 गेंदों में 20 चौके और चार छक्कों की मदद से 162 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने अपने करियर का 21वां शतक जड़ा।
रायडू ने 81 गेंदों में 8 चौके और चार छक्के लगाते हुए 100 रन बनाए। रायुडू ने अपने करियर का तीसरा शतक जड़ा। रायुडू ने रोहित के साथ तीसरे विकेट के लिए 211 रनों की साझेदारी की। इसी साझेदारी के दम पर भारत ने विंडीज के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा किया।
खलील अहमद टीम इंडिया की इस विशाल जीत में अहम भूमिका निभाई। युवा गेंदबाज खलील अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में 13 रन देकर तीन विकेट झटके। इस दौरान उन्होंने हेटमायर (13), पॉवेल (1) और सेमुअल्स (18) को अपना शिकार बनाया।
इस मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार फील्डिंग दिखाई, जिसका फायदा उन्हें विशाल जीत के रूप में मिला। टीम इंडिया के वेस्टइंडीज के दो खिलाड़ी को रन आउट किया, जबकि चार खिलाड़ी कैच आउट हुए। होप को कुलदीप यादव ने डायरेक्ट थ्रो पर रन आउट किया और विराट कोहली के डायरेक्ट थ्रो पर पॉवेल चलते बने। वहीं, इस एकतरफे मुकाबले में रोहित ने बल्लेबाजी के अलावा फील्डिंग में भी जबरदस्त कमाल दिखाया। इस दौरान उन्होंने तीन कैच लपके।
खलील अहमद के अलावा इस मुकाबले में टीम इंडिया के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने भी तीन विकेट चटकाए। टीम इंडिया की इस विशाल जीत में कुलदीप ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 8.2 ओवर में 42 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उन्होंने रोच, नर्स और एलेन को चलता किया।