
रोहित शर्मा ने सोमवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे वन-डे में मिली विशाल जीत के बाद कहा कि इंग्लैंड के अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले अंबाती रायुडू ने टीम इंडिया की सबसे बड़ी समस्या सुलझा दी है। रायुडू ने ब्रेबॉर्न स्टेडियम में 81 गेंदों में 8 चौकों और चार छक्कों की मदद से अपने वन-डे करियर का तीसरा शतक जमाया। उन्होंने रोहित शर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 211 रन की साझेदारी करके भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
टीम इंडिया ने चौथे वन-डे में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 377 रन बनाए। जवाब में विंडीज टीम 36.2 ओवर में 153 रन पर ढेर हो गई। 224 रन की विशाल जीत दर्ज करने के बाद रोहित ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘मेरे ख्याल से रायुडू की पारी काफी महत्वपूर्ण रही। उम्मीद करते हैं कि उन्होंने नंबर-4 की पहेली को सुलझा दिया है। मेरे ख्याल से विश्व कप तक कोई भी नंबर-4 को लेकर कुछ नहीं बोलेगा।’
शर्मा ने सोमवार को 137 गेंदों में 20 चौकों और चार छक्कों की मदद से 162 रन की पारी खेली और मैन ऑफ द मैच चुने गए। हालांकि, ‘हिटमैन’ ने रायुडू की तारीफ करते हुए कहा, ‘उस समय टीम इंडिया को बड़ी साझेदारी की जरूरत थी और उनके पास अपनी प्रतिभा दिखाने का उपयुक्त प्लेटफॉर्म भी था। दो विकेट जल्दी खोने के बाद दबाव जरूर था और ऐसे में साझेदारी करना बहुत जरूरी थी। इसलिए उन्होंने दबाव में भी शानदार प्रदर्शन किया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।’
बकौल रोहित, ‘रायुडू ने अर्धशतक पूरा करने के बाद अपने शॉट्स खुलकर खेलना शुरू किए। हम लंबे समय से जानते हैं कि वह ऐसी पारी खेलने का दम रखते हैं। यही कारण रहा कि हमने उन्हें नंबर-4 पर आजमाया और उन्होंने निराश नहीं किया। एशिया कप से उन्हें जो भी मौके मिले, रायुडू ने इसे दोनों हाथों से लपका।’
वहीं अपनी पारी के बारे में बात करते हुए रोहित ने कहा, ‘दोहरे शतक की उम्मीद ज्यादा है। मेरी कोशिश ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की होती है ताकि टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचा सकूं। रायुडू ने मुझे जरूर कहा कि दोहरा शतक जमाने का मौका है। मैंने अपने खेल पर पूरा ध्यान लगाया और टीम की जीत से खुश हूं।’