
कुष्ठ पीड़ित ऐसे वोटर जिनके हाथ में अंगुली नहीं है, मतदान के दौरान उनकी कोहनी पर अमिट स्याही लगाई जाएगी। निर्वाचन आयोग से मिली गाइड लाइन के बाद बिलासपुर समेत राज्य के सभी जिलों में ऐसे मतदाताओं की तलाश की जा रही है। 
ताकि दूर से पता चले वोट डाल दिया
निर्वाचन आयोग से जारी गाइड लाइन कें कहा गया है कि ऐसे कुष्ठ पीड़ित जिनके नाम मतदाता सूची में हैं और बीमारी की वजह से हाथ का पंजा नहीं है, ऐसे मतदाताओं के दाहिने हाथ की कोहनी पर अमिट स्याही लगाई जाएगी।
अमिट स्याही लगाते वक्त कोहनी पर लंबी लकीर खींचनी होगी ताकि दूर से यह पता चल सके कि उसने वोट डाल दिया है। निर्देशों में इस बात का भी हवाला दिया गया है कि दाहिने हाथ के पंजे से लेकर अगर हाथ का आधा से ज्यादा हिस्सा खराब हो गया है तो दाहिने हाथ के ही शेष बचे अंग में अमिट स्याही लगाई जाए।
विशेष वोटर की सूची में किया शामिल
आयोग ने ऐसे वोटरों को विशेष मतदाताओं की सूची में शामिल किया है। पोलिंग बूथ पर इन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे मतदाताओं की सूची आयोग ने मांगी है। बिलासपुर जिले में कुष्ठ पीड़ितों की संख्या 450 के करीब है। इन सभी का नाम मतदाता सूची में शामिल किया गया है।