प्रकाश जावड़ेकर ने कहा- महात्मा गांधी की कांग्रेस अलग है और राहुल की अलग

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने अपने जगदलपुर प्रवास के दौरान राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ‘महात्मा गांधी की कांग्रेस अलग है और राहुल गांधी की कांग्रेस अलग।’ उन्होंने कहा कि ‘राफेल का मतलब, राहुल फेल है। कांग्रेस को भ्रष्टाचार का मुद्दा नहीं मिल रहा, इसलिए बेबुनियाद आरोप लगाते हैं।’

वे बोले कि ‘शिक्षा में क्रांतिकारी परिवर्तन आया, जो सुनहरे बस्तर की तस्वीर बना रहा है। लोकतंत्र में तरक्की शिक्षा और विकास से आती है, अब यहां के आदिवासी समझ रहे हैं। सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी बढ़ी है।’

जावड़ेकर ने कहा कि ‘राजीव गांधी कहते थे कि एक रुपए भेजने पर 15 पैसा जनता तक पहुंचता है। मोदी सरकार और रमन सरकार ने एक रुपए में विकास करके दिखाया है। कांग्रेस जनता की नजर से उतर गई है। यहां त्रिकोणीय मुकाबला की बात कही जा रही है, लेकिन मुझे लगता है कि यह भाजपा बहुमत से आएगी। 2030 में देश को कितने डॉक्टर चाहिए, इसको देखते हुए मेडिकल की सीट बढ़ाई गई है।’ सीबीआई मामले में जावड़ेकर ने कहा कि ‘आलोक वर्मा की नियुक्ति के समय विरोध करते हैं और आज समर्थन करते हैं। ईवीएम उनके समय शुरू हुआ, आज विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस तय नहीं कर पा रही है कि किसका समर्थन करना है और किसका विरोध करना है।’