छत्तीसगढ़ में डॉक्टर होंगे आधुनिक उपचार पद्धति से रूबरू

आइएमए(इंडियन मेडिकल एसोसिएसन) का दो दिनी राष्ट्रीय सम्मेलन 27 अक्टूबर को होटल आनंदा में शुरू होगा। इसमें देशभर के डॉक्टर जटिल बीमारियों के उपचार की आधुनिक पद्धति के रूबरू होंगे।

आइएमए के अध्यक्ष आरडी गुप्ता ने बताया कि शहर में देशभर के डॉक्टरों के लिए इस तरह का सम्मेलन पहली बार हो रहा है। इसमें अलग-अलग रोगों के विशेषज्ञ अपनी बात रखेंगे। सम्मेलन की शुरुआत इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवि वानखेडकर और सचिव डॉ. रवि टंडन करेंगे।

28 अक्टूबर को नेशनल हॉस्पिटल बोर्ड की संगोष्ठी होगी। इसमें एनएबीएच व आयुष्मान भारत पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान नेशनल हॉस्पिटल बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. आरवी अशोकन मौजूद रहेंगे।

ये विशेषज्ञ देंगे व्याख्यान

यौन क्रिया की कोई उम्र नहीं विषय पर डॉ. दीपक जुमानी, दिल की बीमारियों की प्रारंभिक पहचान पर मैक्स अस्पताल दिल्ली के डॉ. राजीव राठी, सांस लेने में कठिनाई और तेजी से सांस लेने की समस्या पर डॉ. आरएल भांजा, वक्ष की गांठ और उसकी पहचान पर डॉ. अमित वर्मा, ब्लड कैंसर पर डॉ. एसके परींदा, इनफर्टिलिटी पर डॉ. प्रतिभा माखीजा, हृदयघात व उपचार पर डॉ. पीएल सामल, आधुनिक रेडियोथैरेपी पर डॉ. प्रियंका सिंह, हृदयघात के उपचार पर डॉ. स्मिता श्रीवास्तव, मधुमेह पर डॉ. रायजादा, डॉ. प्रतिष बनर्जी जानकारी देंगे। इस आयोजन में आइएमए के सचिव डॉ. आशीष मुंदड़ा, डॉ. हेमंत चटर्जी व डॉ. आशुतोष तिवारी मौजूद रहेंगे