गुलाम नबी आजाद ने कहा, कांग्रेस पार्टी पहले जैसी मजबूत नहीं रही

कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारी में जुट गई है. इसके लिए जमीनी स्तर पर प्रयास कर रही है. पार्टी के बड़े पदाधिकारी भी गांव स्तर पर कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने और नए कार्यकर्ता बनाने की मुहिम में जुटे हुए हैं. इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पार्टी कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत बनाने का प्लान मांग रहे हैं.  

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में ऐसे ही एक आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि कांग्रेस अब वो 35 साल पहले वाली पार्टी नहीं रही. कांग्रेस उतनी ताक़तवर नहीं रही जितनी 30-32 साल पहले थी.

इससे पहले पी चिदंबरम और सलमान खुर्शीद ने यह स्वीकार किया था कि कांग्रेस की स्थिति पहले जैसे मजबूत नहीं रही. बहरहाल, यूपी के बलरामपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे राज्यसभा सांसद गुलाम नबी आजाद सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का जोरदार स्वागत हुआ. सम्मेलन के मुख्य अतिथि गुलाम नबी आजाद ने एक एक ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ता का नाम लेकर  मंच पर बुलाया, लेकिन कांग्रेस की नब्ज टटोली तो संगठन मजबूती की सारी जमीनी हकीकत सामने आ गई.

राज्यसभा सांसद गुलाम नबी आजाद ने भी कार्यकर्ताओं से बात करते हुए माना कि कांग्रेस अब उतनी ताकतवर नहीं है जितनी 30-32 साल थी. उन्होंने कहा कि 30-32 साल पहले बीजेपी सहित अन्य पार्टियों का कोई वजूद नहीं था, लेकिन अब बहुत राजनैतिक परिवर्तन आया है, उसे हम स्वीकार करते हैं.

राज्यसभा सांसद गुलाम नबी आजाद ने कहा कि अब कांग्रेस पार्टी में रसूख के बल पर कई कई सालों तक पदाधिकारी बने रहने का जमाना खत्म हो गया. प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर तक अब वही पदाधिकारी बनेगा जिसके पास महीने में 20 दिन पार्टी के लिए होगा और अब कार्यकर्ताओं से पूछकर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी जाएगी.