
पंजाबी गायक सुरिंदर उर्फ छिंदा शौंकी पर नाबालिग लड़की पर दुष्कर्म के आरोप लगे हैं। थाना सिविल लाइन पुलिस ने इस संबंध में शौंकी के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। छिंदा अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में छापामारी कर रही है। गत देर सायं नाबालिग लड़की की मेडिकल जांच भी करवाई गई है। 
पुलिस को दी गई शिकायत में शांत नगर निवासी एक महिला ने बताया कि उसके भाई की बेटी उसके घर में रहती है। वह खुद भी गायिका है। पंजाबी गायक सुरिंदर छिंदा के साथ उनकी काफी समय से जान पहचान है। उसका उनके घर आना-जाना रहता है।
महिला के मुताबिक बीते मंगलवार की सुबह छिंदा उनके घर आया था। उस समय उसकी भतीजी को स्कूल जाना था। उनकी स्कूटी खराब होने के कारण उसने छिंदा को अपनी कार से उसे स्कूल छोड़ने के लिए कह दिया। पर वह उसे स्कूल ले जाने के बजाय तलवंडी भाई (फिरोजपुर) स्थित एक शैलर में ले गया।
महिला ने बताया कि वहां उसने उसकी नाबालिग भतीजी से जबरन दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद छिंदा उसकी भतीजी को बठिंडा में नहर के पास छोड़कर फरार हो गया। भतीजी किसी तरह घर पहुंची और घटना के बारे में बताया। पुलिस के अनुसार आरोपित गायक अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश की जा रही है