तेजस्वी का ट्वीट-क्या राकेश अस्थाना ने ही सृजन घोटाले से नीतीश को बचाया

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर नीतीश कुमार पर बड़ा आरोप लगाते हुए पूछा है कि  क्या राकेश अस्थाना ने ही नीतीश कुमार को बचाया है? 2500 करोड़ के सृजन घोटाले में सीबीआइ ने अबतक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। घोटाले से बचने के लिए ही नीतीश कुमार ने महागठबंधन को छोड़ एनडीए का हाथ थामा है।  तेजस्वी का ट्वीट-क्या राकेश अस्थाना ने ही सृजन घोटाले से नीतीश को बचाया

इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीबीआई के आला अफसर पर लगे आरोपों के बीच बुधवार को बीजेपी पर निशाना साधा और ट्वीट कर सीबीआइ का कई तरह से नामकरण किया।

तेजस्वी ने लिखा कि-सेंट्रल बीजेपी इनट्रूडर्स (CBI) ने करप्ट ब्रोकर्स ऑफ इंडिया (CBI) को बचाने के लिए अपने क्रूक्ड ब्यूरोक्रेट्स ऑफ इनकंपीटेंस (CBI) से क्रिमिनल बार्टर इनटेरोगेशन (CBI) के जरिए केज्ड ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) को हथिया लिया है।

तेजस्वी ने कहा-बिहार में राक्षस राज

तेजस्वी यादव ने प्रदेश में सत्तारूढ़ सरकार की तुलना ‘राक्षस राज’ से की और कहा कि जनता इस सरकार से त्रस्त है। बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर महागठबंधन में शामिल कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में राजद नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम लिए बिना उनकी ओर इशारा करते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग कहते थे कि ‘मिट्टी में मिल जाएंगे, मगर भाजपा से हाथ नहीं मिलाएंगे।’

तेजस्वी ने नीतीश पर कुर्सी के लोभ में फंसे होने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह उन्होंने जनादेश का अपमान किया और भाजपा के साथ मिल गए, इससे बिहार की जनता नाराज है और काफी गुस्से में है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार कहते हैं कि बिहार में डबल इंजन की सरकार है और इसलिए हमारे साथ गठबंधन तोड़कर भाजपा के साथ गए थे, लेकिन सूबे में अब अपराध और भ्रष्टाचार है।