युवती बोली : पांच साल तक संबंध बनाता रहा युवक, अब कर दी कही और शादी

प्रकाश विहार निवासी युवती की दोस्ती नजदीक ही रहने वाले एक युवक से हो गई। दोनों की दोस्ती प्रेम संबंधों में बदल गई। इस दौरान दोनों के बीच कई बार शारीरिक संबंध बने। युवती के मुताबिक युवक ने उससे शादी का वादा किया था, लेकिन बाद वह वादे से मुकर गया और कहीं और शादी कर दी। युवती ने अब मामले की शिकायत पुलिस में दी है।युवती बोली- पांच साल तक संबंध बनाता रहा युवक, अब कर दी कही और शादी

युवती के मुताबिक लगभग पांच साल पहले उसकी दोस्ती उनकी गली में रहने वाले लक्की नामक युवक से हुई। वह उसे अपने घर भी लेकर जाता रहा और विवाह का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाता रहा। युवती के बाद में जब भी उसने युवक से शादी की बाद की तो वह टालमटोल करता रहा।

इस बीच, युवती चार माह की गर्भवती हो गई। इसका पता चलने पर उसने युवक को इसकी जानकारी दी। युवक ने अपने परिवार की सहायता से उसे दवा देकर गर्भपात करवा दिया। इस दौरान युवक ने एक महीने पहले कहीं और अपनी सगाई कर दी। इसका पता चलने पर युवती ने मामले की शिकायत पुलिस थाना सदर की मुखी राजविंदर कौर को दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

युवती के मुताबिक अब 21 अक्टूबर को युवक ने कहीं और शादी कर दी। इसके बारे में थाना मुखी राजविंदर कौर को बताया तो उन्होंने उसकी नहीं सुनी। पीड़िता ने अब पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

वहीं, युवक लक्की ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को नकारते हुए कहा कि इसमें कोई सच्चाई नहीं है। यह सब कुछ उसको बदनाम करने के लिए किया जा रहा है। उधर, थाना मुखी राजविंदर कौर ने पहले तो मामले की जानकारी होने से इन्कार किया, लेकिन बाद में कहा कि उनके पास शिकायत आई है जिसकी जांच करके पीड़िता को इंसाफ दिया जाएगा।