जदयू नेता ने कहा-एनडीए में हो गया है सीटों का बंटवारा, जल्द होगा एेलान

2019 लोकसभा चुनाव के लेकर एनडीए में खींचतान जारी है। जहां एक तरफ सीट के बंटवारे को लेकर जदयू की तरफ से कहा जा रहा है सीट शेयरिंग पर बिहार एनडीए के चारों घटक दलों के बीच सहमति बन गई है वहीं इसकी घोषणा को लेकर दूसरे घटक दल इस बात से इन्कार कर रहे हैं।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह पहले से ही कह चुके हैं कि सीट शेयरिंग पर सहमति बन गई है और जल्द इसका एेलान कर दिया जाएगा। इसपर आज जदयू के महासचिव आरसीपी सिंह ने भी कहा है कि बिहार में सीटों का बंटवारा हो गया है। उनके इस बयान से बिहार की राजनीतिक हलचल तेज होने की संभावना है। 

आरसीपी सिंह ने कहा कि बिहार एनडीए में सीटों का बंटवारा हो गया है और एनडीए के बड़े नेता जल्द ही इसकी घोषणा करेंगे। आरसीपी सिंह ने ये बयान देकर पार्टियों के बीच मतभेद के तमाम कयासों को खारिज कर दिया है।

पिछले कुछ महीनों से बिहार एनडीए के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे और इसे लेकर कई दौर की बातचीत भी हुई  जिसमें सीटों की संख्या को लेकर तमाम तरह के दावे किए जा रहे थे। अब आज के आरसीपी सिंह के बयान के बाद उम्मीद है कि जल्द ही सीटों को लेकर तस्वीर साफ हो जाएगी।