एम. नागेश्वर राव ने संभाला CBI के अंतरिम चीफ का कार्यभार, कई अधिकारियों के तबादले

सीबीआइ के अंतरिम निदेशक पद पर नियुक्त हुए एम नागेश्वर राव ने बुधवार सुबह अपना कार्यभार संभाल लिया है। नागेश्वर राव के चार्ज लेते ही सीबीआइ में धड़ाधड़ अधिकारियों के तबादले और पोस्टिंग हुए। राकेश अस्थाना मामले की जांच कर रहे सीबीआई के डीएसपी एके बस्सी का तबादला पोर्ट ब्लेयर कर दिया गया है जबकि एडिशनल एसपी सीबीआइ एसएस गुम का ट्रांसफर जबलपुर किया गया है।

इनका हुआ तबादला
इसके अलावा सीबीआइ के डीआईजी मनीष कुमार सिन्हा, डीआईजी तरूण गौबा, डीआईजी जसबीर सिंह, डीआईजी अनीश प्रसाद, डीआईजी केआर चौरसिया, HoB राम गोपाल और एसपी सतीष डागर का भी तबादला किया गया है। 

ये सभी अधिकारी राकेश अस्थाना घूसखोरी मामले की जांच कर रहे थे। बतादें कि एम नागेश्वर राव को तत्काल प्रभाव से सीबीआई का अंतरिम निदेशक नियुक्त किया गया है। एम नागेश्वर राव सीबीआई में ही संयुक्त निदेशक के पद पर हैं। 

इनकी हुई पोस्टिंग
सीबीआई के JD(P) अरुण कुमार शर्मा, ए. साई मनोहर, HoZ वी. मुरुगुशन और DIG अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से नई पोस्टिंग दी गई है। उधर, अफसरों के दफ्तरों को सील किए जाने की खबरों पर सीबीआई के प्रवक्ता ने साफ कहा है कि CBI मुख्यालय के किसी भी कमरे को सील नहीं किया गया है।