
अलगाववादियों द्वारा आयोजित लालचौक मार्च चलो आहवान के मददेनजर मंगलवार को वादी के विभिन्न इलाकों में जारी प्रशासनिक पाबंदियों से प्रभावित जनजीवन के बीच केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह एक दिवसीय दौरे पर श्रीनगर पहुंचे।
गौरतलब है कि कुलगाम में गत इतवार को एक मुठभेड़ में तीन आतंकियों की मौत और उसके बाद मुठभेड़स्थल पर हुए बम धमाके में सात नागरिको की मौत पर अलगाववादियो ने आज लालचौक मार्च चलो का आहवान किया है। लाल चौक मार्च के दौरान हिंसा भड़कने की आशंका से निपटने और केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे के मददेनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने श्रीनगर के विभिन्न इलाकों में निषेधाज्ञा लागू करने के साथ ही लाल चौक की तरफ आने जाने के सभी रास्ते सील कर दिए हैं। इससे सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है।
राज्य में निकाय चुनावों के संपन्न् होने और पंचायत चुनावों की प्रक्रिया शुरु होने के साथ आज केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह नई दिल्ली से एक विशेष विमान में यहां श्रीनगर पहुंचे। श्रीनगर पहुंचने के बाद उन्होंने राजभवन में राज्यपाल सत्यपाल मलिक से भेंट की और उसके बाद शेरे कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर एसके आईसीसी पहुंचे,जहां वह एक उच्चस्तरीय बैठक में राज्य के समग्र आंतरिक और बाहरी सुरक्षा परिदृश्य का इस खबर के लिखे जाने तक जायजा ले रहे थे।
संबधित अधिकारियों ने बताया कि बैठक संपन्न होने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री दोपहर बाद नेहरु गेस्ट हाऊस में स्थानीय राजनीतिक, सामाजिक व मजहबी संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मिलेंगे।