मैच फिक्सिंग से निपटने के लिए श्रीलंका के पूर्व कप्तान अर्जुन राणातुंगा ने मांगी भारत से मदद

श्रीलंका सरकार में मंत्री और क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान अर्जुन राणातुंगा ने कहा कि उनके देश में मैच फिक्सिंग से जुड़े मामलों की जांच और कानूनी मसौदा बनाने में भारत मदद करेगा. पेट्रोलियम मंत्री राणातुंगा ने कहा कि भारत का केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) श्रीलंका क्रिकेट में बड़े पैमाने पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच में तकनीकी विशेषज्ञता मुहैया करा सकता है. रणतुंगा ने नई दिल्ली से श्रीलंका लौटने के बाद कहा, ”हमारे पास इस समस्या से पूरी तरह से निपटने की विशेषज्ञता या कानून नहीं हैं. भारत इससे जुड़ा कानूनी मसौदा बनाने में भी मदद करेगा.” सीबीआई ने 2000 में राणातुंगा और टीम के उपकप्तान अरविंद डि सिल्वा पर मैच फिक्सिंग का आरोप लगया था, लेकिन बाद में दोनों को आरोप मुक्त कर दिया गया था. 

श्रीलंका ने क्रिकेट में जुड़े भ्रष्टाचार के मामले उजागर होने के बाद वादा किया था कि मैच फिक्सिंग के आरोपों की जांच के लिए विशेष पुलिस इकाई का गठन किया जाएगा. मैच फिक्सिंग के ये आरोप मई में जारी डॉक्यूमेंट्री में लगाए गए थे. बता दें कि हाल ही में एक भारतीय एयरहोस्टेस ने भी राणातुंगा पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था. भारतीय फ्लाइट अटैंडेंट ने श्रीलंका को विश्व कप दिलाने वाले कप्तान अर्जुन राणातुंगा पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे. उन्होंने कहा कि श्रीलंका के भारत दौरे पर एक पूलसाइड होटल में उनके साथ यौन शोषण की घटना घटी थी.

हाल के दिनों में देश के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सनथ जयसूर्या पर आईसीसी ने मैच फिक्सिंग से जुड़ी जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया था. श्रीलंका के पूर्व कप्तान सनथ जयासूर्या पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अपने भ्रष्टारचार रोधी नियम (एसीयू) के उल्लंघन के आरोप लगाए हैं. आईसीसी ने एक बयान जारी कर बताया है कि उसने पूर्व बल्लेबाज को आरोपों के खिलाफ जवाब देने के लिए 15 अक्टूबर से कुल 14 दिनों का समय दिया था.