
टीम इंडिया और वेस्टइंडीज (India vs Westindies) के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज (ODI) का पहला मुकाबलागुवाहाटी में खेला जा रहा है. टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है और वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है.
21 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने इस मैच से वनडे इंटरनेशनल में डेब्यू किया है. उन्हें भारत के पूर्व कप्तान और मौजूदा विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने वनडे कैप दी है. भारतीय टीम में मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज मनीष पांडे के होते हुए टीम मैनेजमेंट ने ऋषभ पंत को उन पर तरजीह दी है.
गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार वनडे मैच का आयोजन हो रहा है. इसका उद्घाटन पिछले साल अक्टूबर में हुआ था. पिछले साल इस स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच एक टी-20 मैच खेला गया था. वेस्टइंडीड की ओर से इस मैच में ओशाने थॉमस और चंद्रपाल हेमराज वनडे प्रारूप में पदार्पण कर रहे हैं. हेमराज सलामी बल्लेबाज के रूप में मैदान पर उतरेंगे.
LIVE स्कोरबोर्ड
कोहली की नजरें इस रिकॉर्ड पर
कोहली इस सीरीज से वनडे में अपने 10000 रन पूरे कर सकते हैं. कोहली के वनडे में 9779 रन बनाए हैं और उन्हें ‘दस हजारी’ क्लब में शामिल होने के लिए केवल 221 रन की दरकार है. इस उपलब्धि के साथ ही कोहली सबसे तेज 10000 वनडे रन बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ देंगे.
इस सीरीज अनुभवी बल्लेबाज और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी खुद को साबित करना चाहेंगे जो एशिया कप के दौरान संघर्ष करते नजर आए थे. धोनी ने एशिया कप के चार मैचों में केवल 77 रन ही बनाए थे. पंत के आ जाने से धोनी पर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव बढ़ता जा रहा है.
रायडू के करियर को बड़ा मौका, कोहली बोले- नंबर 4 पर करेंगे बैटिंग
भारत मध्यक्रम में नंबर-4 के लिए स्थायी बल्लेबाज ढूंढने के लिए संघर्ष करता नजर आ रहा है. लेकिन यहां पर अंबति रायडू के पास नंबर-4 पर उतरने और खुद को साबित करने का मौका होगा. रायडू एशिया कप के अपने फॉर्म को यहां भी दोहराना चाहेंगे जहां उन्होंने छह पारियों में 175 रन बनाए थे.
गेंदबाजी में कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल एक बार फिर अपने स्पिन से कमाल करने के लिए तैयार हैं. तेज गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह को पहले दो मैचों के लिए आराम दिया गया है और मोहम्मद शमी तथा उमेश यादव को मौका दिया गया है.
मेहमान वेस्टइंडीज की टीम भी टेस्ट के प्रदर्शन को पीछे छोड़कर सफेद गेंद से एक नई शुरुआत करना चाहेगी. हालांकि क्रिस गेल, आंद्रे रसेल और इविन लुईस के न खेलने से वेस्टइंडीज की टीम थोड़ी दबाव में होगी. वहीं मेहमान टीम को अपने कोच स्टुअर्ट लॉ की सेवाएं भी नहीं मिल पाएंगी जो आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में पहले दो मैचों के लिए निलंबित किए जा चुके हैं.
प्लेइंग इलेवन:
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, अंबति रायडू, ऋषभ पंत, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, उमेश यादव, मोहम्मद शमी.
वेस्टइंडीज: जेसन होल्डर (कप्तान), देवेंद्र बिशू, चंद्रपॉल हेमराज, शिमरोन हेटमेयर, शाई होप, कीरोन पॉवेल, एश्ले नर्स, रोवमैन पॉवेल, कीमर रोच, मार्लन सैमुअल्स, ओशाने थोमस.