भाजपा सांसद भोला प्रसाद सिंह का निधन, PM मोदी-CM नीतीश ने दी श्रद्धांजलि

बिहार के बेगूसराय से भाजपा सांसद भोला प्रसाद सिंह का निधन शुक्रवार की रात करीब 9.30 बजे दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में हो गया। वे करीब 79 वर्ष के थे तथा कुछ समय से बीमार थे। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार सहित अनेक मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों व नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। उनका पार्थिव शरीर अपराह्न काल में नई दिल्‍ली से पटना लाया गया। 

पटना में सीएम नीतीश ने दी श्रद्धांजलि

दिवंगत सांसद का पार्थिव शरीर पटना एयरपोर्ट से विधानसभा ले जाया गया। वहां मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार सहित अनेक मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों तथा नेताओं ने उन्‍हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को प्रदेश भाजपा कार्यालय में दर्शनार्थ रखा जाएगा। तत्पश्चात रविवार को बेगूसराय के सिमरिया घाट पर राजकीय सम्‍मान के साथ उनका अंतिम संस्‍कार किया जाएगा। उनके बड़े पुत्र अरुण कुमार मुखाग्नि देंगे |