7वां वेतन आयोग: केंद्रीय कर्मचारियों को सैलरी बढ़ा सकती है सरकार, जानें कितना इजाफा होगा

सातवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने का इंतजार सबको है. मीडिया रिपोर्ट्स में केंद्रीय कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी का फायदा नए साल में देने की बात कही जा रही है लेकिन, कितनी इजाफा होगा, इस पर कोई स्थिति साफ नहीं है. उधर, कर्मचारी अपनी मांग को लेकर सरकार पर लगातार दबाव बढ़ा रहे हैं. सरकार भी अगले साल होने वाले आम चुनाव से पहले कोई जोखिम नहीं लेना चाहती इसलिए कोई समधान निकालने की तैयारी कर रही है. 

सरकार लोकसभा चुनाव से पहले केंद्रीय कर्मचारियों की बेसिक पे बढ़ा सकती है. वित्त मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी का दावा है कि सरकार फिटमेंट फैक्‍टर में बढ़ोतरी करेगी. इससे केंद्रीय कर्मचारियों की बेसिक पे 3000 रुपए तक बढ़ सकती है. फिटमेंट फैक्‍टर 2.57 गुना से बढ़ाकर 3 गुना किया जा सकता है. हालांकि, केंद्रीय कर्मचारियों की मांग है कि फिटमेंट फैक्टर को बढ़ाकर 3.68 गुना किया जाए.

अगर सरकार फिटमेंट फैक्‍टर को 3 गुना करती है तो कर्मचारियों की बेसिक पे 18000 रुपए से बढ़कर 21000 रुपए हो जाएगी. 7वें वेतन आयोग ने केंद्रीय कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपए करने की सिफारिश की थी. हालांकि, कर्मचारी इसे बढ़ाकर 26 हजार रुपए करने की मांग कर रहे हैं.