
प्रदेश पुलिस में भर्ती होने का सपने संजोये युवाओं के लिए अपने जूतों के फीते कसने का समय आ गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजय दशमी के मौके पर पुलिस में बंपर भर्ती का रास्ता खोला है। शासन ने गुरुवार को 56880 पदों पर भर्ती कराये जाने की घोषणा की है, जिसमें सिपाही के 51216 पद शामिल हैं।
इसके अलावा फायरमैन, बंदीरक्षक व घुड़सवार पुलिस के पदों पर भी भर्तियां होंगी। सिपाही भर्ती का आवेदन एक नवंबर से किया जा सकेगा और जनवरी माह में लिखित परीक्षा होगी। प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार ने प्रेसवार्ता कर सभी पदों पर भर्ती का कार्यक्रम घोषित किया है। वर्तमान में पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर करीब 42 प्रतिशत रिक्तियां हैं। नई भर्तियों के बाद यूपी पुलिस में अवकाश व लंबी ड्यूटी की समस्या निपटने की उम्मीद जताई जा रही है।