सबरीमाला मंदिर पहुंचने से पहले मस्जिद में जाते हैं श्रद्धालु, जानिए कई और बातें

सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के दर्शनों को लेकर जहां एक तरफ विवाद हो रहा है वहीं दूसरी तरफ इससे जुड़ी कुछ बातों को कई लोग जानते ही नहीं हैं। दरअसल, स्‍वामी अयप्‍पा मंदिर में जाने से पहले सभी श्रद्धालुओं को वहां से करीब साठ किमी दूर स्थित एक मंदिर में जाना पड़ता है। यह मस्जिद इरुमलै इलाके में स्थित है। यहां पर सभी श्रद्धालुओं को रुकना होता है, यह इस यात्रा का नियम भी है और वर्षों पुरानी परपंरा है। इस सफेद मस्जिद का नाम वावर मस्जिद है। यहां पर आने वाले श्रद्धालु भगवान अयप्‍पा के साथ साथ वावर स्‍वामी की जयकार लगाते हैं। यहां आने के बाद यहां श्रद्धालु मस्जिद की परिक्रमा करते हैं और प्रसाद के तौर पर उन्‍हें यहां पर विभूति और काली मिर्च दी जाती है। इसके बाद ही श्रद्धालु आगे की यात्रा पूरी करते हैं।

नमाज के बीच पूजा अर्चना 
आपको यहां पर ये भी बता दें कि इस मस्जिद में आने वाले सभी श्रद्धालु यहां पर होती नमाज के बीच ही अपनी पूजा अर्चना और परिक्रमा करते हैं। इसको सर्वधर्म समभाव की एक अनूठी मिसाल कहा जा सकता है जो वर्षों से निरंतर चली आ रही है। मंदिर से पहले मस्जिद जाने की यह परंपरा 500 वर्षों से अधिक पुरानी है। एक तरफ जहां मंदिर और मस्जिद को लेकर तरह-तरह की बातें कर तनाव को बढ़ाने की हरकत की जाती है वहीं दूसरी तरफ वावर मस्जिद और सबरीमाला की यात्रा धर्म और आस्‍था की मिसाइल पेश करता है। यह उन लोगों के लिए जवाब भी है जो धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम करते हैं।