
ये हैं यूपी पुलिस के सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार. इनकी पिस्तौल ऐन वक्त पर खामोश हो जाती है.सामने अपराधी होता है लेकिन पिस्तौल एक्शन में आने से इंकार कर देती है. इस सब इंस्पेक्टर की वजह से यूपी पुलिस की जगहंसाई हो रही है. यूपी पुलिस मजाक का पात्र बन गई है, लेकिन अब इस सब इंस्पेक्कर को सम्मान किया जा रहा है. जिस हरकत पर कार्रवाई होनी चाहिए उस पर पीठ थपथपाई जा रही है.
इन तस्वीरों से आप वाकिफ होंगे. संभल में यूपी पुलिस का ईनामी बदमाश से सामना हुआ था. सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार पुलिस की टीम में थे. उनकी पिस्तौल दगा दे गई तो सब इंस्पेक्टर साहेब ने मुंह से आवाज निकालकर अपराधियों को खौफ से भर देने की कोशिश की. तस्वीरें सामने आईं तो यूपी पुलिस को जवाब देते नहीं बना.
लेकिन अब एसपी यमुना प्रसाद को सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार दिलेर दिखने लगे हैं. संभल के एसपी इन तस्वीरों पर गर्व से फूले नहीं समा रहे. बाकायदा बयान जारी कर एसपी ने तारीफों की झड़ी लगा दी है
एसपी का कहना है कि मुठभेड़ के दौरान सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार की पिस्तौल खराब हो गई थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी.
वो अपने सहयोगियों का हौसला बढ़ाते रहे. हमारी टीम इनामी बदमाश को पकड़ने में कामयाब रही. सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने अदम्य साहस का परिचय दिया है. उनका नाम सम्मान के लिए भेजा जा रहा है.